भगत सिंह की जयंती पर गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह में स्वास्थ्य शिविर
500 से अधिक लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, 70 से अधिक विद्यार्थियों को मिला अतिरिक्त छात्रवृत्ति का लाभ
सरसावा। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती के अवसर पर 28 सितंबर को शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह की ओर से सामाजिक सरोकार एवं जनसेवा की भावना के तहत गुरुद्वारा साहिब बाबा दीप सिंह शहीद, सरसावा में विशेष प्रवेश अवसर एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के क्षेत्र से पहुंचे लोगों को सामान्य चिकित्सा जांच, चिकित्सकीय परामर्श और नेत्र जांच की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर में 500 से अधिक लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। इसके साथ ही शोभित विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रवेश अवसर की घोषणा की गई। मेधावी एवं उत्साही विद्यार्थियों को ट्यूशन फीस पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया, जिसका 70 से अधिक विद्यार्थियों ने लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह एवं उपस्थित गणमान्य लोगों ने किया। शिविर का सफल संचालन कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह के मार्गदर्शन में हुआ।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. श्रीकांत, डॉ. कुलतार सिंह, डॉ. पांडेय, डॉ. अस्तित्व त्यागी, डॉ. जयलक्ष्मी, डॉ. प्रशांत सैनी, डॉ. नेहा गर्ग, डॉ. अभिनव तोमर, डॉ. साची, डॉ. मीनाक्षी शेखावत, डॉ. मनप्रीत कौर, डॉ. शिवम, डॉ. श्रुति और डॉ. अंशु ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। ऑप्टोमेट्रिस्ट इंदु कपूर ने नेत्र जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर को सफल बनाने में पैरामेडिकल स्टाफ, सपोर्टिंग स्टाफ, इंटर्न्स और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहयोग किया। चिकित्सकों ने लोगों की जांच करने के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया।

स्वस्थ और शिक्षित समाज जरूरी : कुलपति
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने कार्यक्रम के आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है। सभी लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समाज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के कार्यों में भी अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक हस्तियों ने सहभागिता की। शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने शोभित विश्वविद्यालय की चिकित्सा टीम, चिकित्सकों, पैरामेडिकल एवं सपोर्टिंग स्टाफ, इंटर्न्स और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

