“इन्हें ‘दीया’ से इतनी मुहब्बत नहीं जितनी ‘मिर्जा’ से नफरत है”, वारिस पठान का BJP पर तंज

“इन्हें ‘दीया’ से इतनी मुहब्बत नहीं जितनी ‘मिर्जा’ से नफरत है”, वारिस पठान का BJP पर तंज

महाराष्ट्र के मुंबई में दिवाली से पहले सीमित मात्रा में पटाखे फोड़ने और हवा का ख्याल रखने की अपील करते हुए फिल्मी और खेल जगत की कई हस्तियों ने वीडियो जारी किए थे. इनमें माधुरी दीक्षित, अजिंक्य रहाणे और दीया मिर्जा जैसे सेलेब्रिटी शामिल थे. ये वीडियो BMC ने भी अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किए. हालांकि, बीजेपी नेताओं की आपत्ति के बाद केवल दीया मिर्जा का वीडियो बीएमसी के एक्स अकाउंट से डिलीट कर दिया गया. इसके बाद से सियासी विवाद खड़ा हो गया है. अब AIMIM नेता वारिस पठान की भी इसपर कड़ी प्रतिक्रिया आई है.

AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा, मुंबई हाई कोर्ट ने खुद आदेश दिया है कि आप रास्ते पर पटाखे न फोड़ें क्योंकि उससे ध्वनि प्रदूषण होता है, सेहत की दिक्कतें आती हैं. यही बात दीया मिर्जा ने भी कही थी. अगर आप दीया मिर्जा की बातों को सनातन विरोधी कह रहे हैं तो मतलब आप कोर्ट की बातों को सनातन विरोधी कह रहे हैं. उनके खिलाफ तो एक्शन होना चाहिए.”

‘HC और BMC कमिश्नर भी सनातन विरोधी?’- वारिस पठान

वारिस पठान ने कहा कि हाई कोर्ट के निर्देश के बाद बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े ने खुद कुछ आर्टिस्ट को कैंपेन करने के लिए कहा था ताकि लोग पटाखे कम फोड़ें. इस हिसाब से तो अश्विनी भिड़े भी सनातन विरोधी हैं. अश्विनी भिड़े ने जो कहा, उसपर दीया मिर्जा ने वीडियो बनाया. वही सेम वीडियो माधुरी दीक्षित ने बनाया, वही वीडियो अजिंक्य रहाणे ने भी बनाया.

ताज्जुब की बात यह है कि दीया मिर्जा का वीडियो डिलीट कर दिया गया लेकिम माधुरी दीक्षित और अजिंक्य रहाणे का वीडियो अभी तक बीएमसी के एक्स पर मौजूद है. क्या यह सेलेक्टिव आउटरेज नहीं है? संविधान तो एकता की बात करता है तो फिर एक के लिए कानून अलग और दूसरे के लिए अलग क्यों?

‘दीया’ से मुहब्बत नहीं, ‘मिर्जा’ से नफरत

वारिस पठान ने तंज कसते हुए कहा, “इनको ‘दीया’ से इतमी मुहब्बत नहीं जितनी ‘मिर्जा’ से नफरत है. मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने अपने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हमको हमारा त्योहार कैसे मनाना है, यह दीया मिर्जा हमें न सिखाएं. आपको अगर उस संदेश पर आपत्ति थी तो आप माधुरी दीक्षित को भी टैग करते, लेकिन आपको सिर्फ मुसलमान को टारगेट करना था. आपने अपने दिल की भड़ास मिर्जा पर निकाल दी. इस बात पर तो खुद कोर्ट को खड़ा होना चाहिए.”

Leave a Reply