शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में PRAGYA–2026 स्थापना सप्ताह समारोह की भव्य शुरुआत – प्रथम दिवस : ‘विद्या लंगर से ज्ञान, स्वास्थ्य शिविर से सेवा और सिमरन से संस्कार’
16 जुलाई से 24 जुलाई, 2026 तक विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन
गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में आज आयोजित प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने विश्वविद्यालय स्थापना दिवस एवं माननीय चेयरमैन डॉ. शोभित कुमार के जन्मोत्सव (जुलाई 24) के उपलक्ष्य में आयोजित “PRAGYA–2026 स्थापना सप्ताह समारोह” का औपचारिक शुभारम्भ घोषित करते हुए कहा कि यह समारोह केवल उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के समन्वित प्रदर्शन का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं समाज सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के अपने संकल्प को और अधिक सशक्त करेगा।
प्रेस वार्ता में कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह ने स्थापना सप्ताह समारोह के सफल आयोजन हेतु विश्वविद्यालय के सभी विद्यालयों, विभागों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे समन्वित प्रयासों की जानकारी देते हुए इसे विश्वविद्यालय परिवार का सामूहिक उत्सव बताया।
PRAGYA–2026 आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) प्रशांत कुमार ने समारोह की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष का केंद्रीय विषय “Building Futures Together: Celebrating Knowledge, Values, and Inclusive Growth” रखा गया है। उन्होंने कहा कि 16 जुलाई से 24 जुलाई तक विश्वविद्यालय के सभी विद्यालय एवं विभाग सहभागिता करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान, नवाचार, संस्कृति, सामुदायिक सेवा तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि—
16 जुलाई को गुरुद्वारा साहिब, दैदनौर, गंगोह में अखंड पाठ, अरदास, गुरु का लंगर, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं छात्रवृत्ति कूपन वितरण के साथ समाज सेवा एवं जनकल्याण आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर संस्था के माननीय कुलाधिपति श्री कुँवर शेखर विजेंद्र जी की गरिमामयी उपस्थिति ने सेवा, सिमरन एवं मानवता के इस पावन उत्सव को विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय बना दिया। इस अवसर पर आयोजित ‘विद्या लंगर’ के अंतर्गत 387 विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए छात्रवृत्ति कूपन का लाभ प्राप्त किया, जबकि निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर में 270 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इन दोनों जनकल्याणकारी पहलों को स्थानीय समुदाय एवं विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे विश्वविद्यालय की ‘सेवा, शिक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व’ के प्रति प्रतिबद्धता और अधिक सुदृढ़ हुई। इस अवसर पर अपने संदेश में माननीय कुलाधिपति श्री कुँवर शेखर विजेंद्र जी ने कहा कि “शिक्षा तभी सार्थक है जब वह ज्ञान के साथ सेवा, संस्कार, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी विकसित करे। PRAGYA–2026 केवल एक स्थापना सप्ताह समारोह नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का उत्सव है। शोभित विश्वविद्यालय सदैव ऐसी शिक्षा के लिए समर्पित रहेगा, जो राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ संवेदनशील, नैतिक एवं उत्तरदायी नागरिकों का निर्माण करे।”
18 जुलाई को AVIPS (स्कूल ऑफ़ फार्मेसी) की स्थापना के गौरवशाली 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एलुमनाई मीट के माध्यम से पूर्व छात्रों का सम्मान एवं संवाद होगा।
20 जुलाई को मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, नेत्र ऑपरेशन अभियान एवं विशेषज्ञों के साथ छात्र संवाद आयोजित होगा।
21 जुलाई को विधिक सहायता शिविर, प्राकृतिक खेती जागरूकता अभियान, योग एवं ध्यान शिविर तथा उपभोक्ता जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी।
22 जुलाई को विज्ञान प्रदर्शनी, विरासत एवं कला-शिल्प प्रदर्शनी आयोजित होगी।
23 जुलाई को विभागीय उपलब्धियों की प्रस्तुति, पाठ्यक्रम संवाद, एलुमनाई व्याख्यान, बोर्ड ऑफ स्टडीज़ बैठक तथा विश्वविद्यालय स्तरीय पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी।
24 जुलाई को स्थापना दिवस समारोह, हवन, स्थापना दिवस व्याख्यान, शोध पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि PRAGYA–2026 के माध्यम से विश्वविद्यालय समाज, उद्योग, पूर्व छात्रों एवं विद्यार्थियों के मध्य सहभागिता को सुदृढ़ करते हुए ज्ञान, नवाचार, स्वास्थ्य, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा समावेशी विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगा।

इस अवसर पर संस्था के केयर टेकर सूफ़ी ज़हीर अख्तर जी, डीन हेल्थ साइंसेज़ प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह, डीन अकादमिक्स प्रो. (डॉ.) तरुण कुमार शर्मा, प्रो. (डॉ.) भूपेन्द्र चौहान, डॉ. अनिल कुमार तथा विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी बलराम टोंक भी उपस्थित रहे। मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं, शैक्षणिक विस्तार, अनुसंधान, उद्योग सहयोग एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत संवाद हुआ तथा उनके प्रश्नों के उत्तर दिए गए।
— मीडिया प्रकोष्ठ
शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह
