गंगा एक्सप्रेसवे और नई ट्रेनों से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर, देंगे हज़ारों करोड़ की सौगात

गंगा एक्सप्रेसवे और नई ट्रेनों से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर, देंगे हज़ारों करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी और हरदोई में ₹36,230 करोड़ के गंगा एक्सप्रेसवे समेत कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इस दौरे में पीएम मोदी वाराणसी-पुणे और अयोध्या-मुंबई के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

इस परियोजना से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय मौजूदा 10-12 घंटे से घटकर करीब छह घंटे होने की उम्मीद है। इस परियोजना की एक खास विशेषता शाहजहांपुर जिले में बनाई गई 3.5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी जो आर्थिक लाभ के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। बयान में कहा गया कि गंगा एक्सप्रेसवे से तीर्थ सर्किट भी मजबूत होगा। गढ़मुक्तेश्वर, कल्कि धाम, बेल्हा देवी धाम, चंद्रिका देवी शक्ति पीठ और त्रिवेणी संगम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच पहले से कहीं आसान हो जाएगी। इसमें कहा गया कि अब श्रद्धालु एक ही यात्रा में कई तीर्थस्थलों के दर्शन कर सकेंगे, जिससे धार्मिक पर्यटन की अवधि, खर्च और स्थानीय आर्थिक गतिविधियां तीनों बढ़ेंगी। यह एक्सप्रेसवे राज्य के व्यापक एक्सप्रेसवे नेटवर्क की रीढ़ बनेगा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, जेवर लिंक एक्सप्रेसवे, फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे और मेरठ से हरिद्वार तक प्रस्तावित विस्तार सहित कई लिंक कॉरिडोर या तो पहले से चालू हैं या योजना के चरण मे हैं।

इसके साथ ही वह वाराणसी में लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे तथा अपने संसदीय क्षेत्र में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। साथ ही पीएम मोदी महिला सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बुधवार को मोदी हरदोई जाएंगे, जहां वह गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और एक सभा को संबोधित करेंगे।

बयान में कहा गया कि इस पहल से राज्य के तीर्थयात्रियों, विद्यार्थियों, प्रवासी मजदूरों और छोटे व्यापारियों को खासा फायदा होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख धार्मिक स्थल वाराणसी और अयोध्या हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों से बेहतर रेल संपर्क से पर्यटन को बढ़ावा मिलने, लोगों की यात्रा आसान होने और इन क्षेत्रों से जुड़ी आजीविका को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply