कांवड़ यात्रा मार्ग पर नगर निगम की व्यापक व्यवस्थाएं, स्वच्छता एवं जनसुविधाओं की सतत निगरानी
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान के निर्देशानुसार जनपद सहारनपुर में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त शिपू गिरी के नेतृत्व में नगर निगम सहारनपुर द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यापक स्तर पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, कूड़ा निस्तारण तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं के प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, जिससे कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त ने बताया कि जनपद में 13 किलोमीटर लंबे कांवड़ यात्रा मार्ग एवं 44 कांवड़ शिविरों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। स्वच्छता व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए 09 एसएफआई, 34 सफाई नायक तथा 211 सफाई मित्रों की तैनाती की गई है, जो निर्धारित क्षेत्रों में निरंतर साफ-सफाई, कूड़ा संग्रहण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कांवड़ मार्ग पर 06 स्थायी शौचालय, 10 अस्थायी शौचालय, 18 मोबाइल शौचालय तथा 04 पिंक शौचालय संचालित किए गए हैं। सभी शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए 02 शौचालय टैंक सफाई वाहन भी तैनात किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 02 पानी के टैंकर निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 07 बड़े डस्टबिन स्थापित किए गए हैं। नियमित कूड़ा उठान के लिए 08 कूड़ा उठाने वाले टेंपो तथा कूड़े के त्वरित निस्तारण हेतु 01 क्विक रिस्पांस टीम वाहन लगाया गया है। वहीं वर्षा की स्थिति में जलभराव की समस्या से त्वरित निस्तारण के लिए 01 जलभराव स्थल पर विशेष निगरानी एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त वाहन संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा आकस्मिक स्थिति के त्वरित समाधान के लिए 06 क्विक रिस्पांस टीमों को ड्राइवर एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित तैनात किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और कांवड़ यात्रा निर्बाध रूप से संचालित होती रहे।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कांवड़ यात्रा की अवधि तक सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि जनपद सहारनपुर से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो तथा कांवड़ यात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
