गाजियाबाद में दुष्कर्म के वांछित आरोपियों का एनकाउंटर, गुलजार और एहसान घायल हालत में गिरफ्तार

गाजियाबाद में दुष्कर्म के वांछित आरोपियों का एनकाउंटर, गुलजार और एहसान घायल हालत में गिरफ्तार

गाज़ियाबाद:  उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और चोरी की स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, देर रात दुष्कर्म के अभियोग में वांछित आरोपियों की तलाश में ट्रोनिका सिटी पुलिस टीम खानपुर जंगल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों स्कूटी रोकने के बजाय भागने लगे।

भागते समय दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलजार (20) पुत्र मुस्ताक, निवासी बड़ी मस्जिद के पास, सुधीर एनक्लेव, रामपार्क, थाना ट्रोनिका सिटी और एहसान (22) पुत्र कल्लू उर्फ नदीम, निवासी बड़ी मस्जिद के पास, सुधीर एनक्लेव, रामपार्क के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उनके पास से बरामद स्कूटी भी चोरी की बताई गई है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply