कुलगाम में फिर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, जंगलपोरा में घेराबंदी, लश्कर कमांडर लतीफ भट के फंसे होने की खबर

कुलगाम में फिर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, जंगलपोरा में घेराबंदी, लश्कर कमांडर लतीफ भट के फंसे होने की खबर

कुलगाम: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई है। ताजा मुठभेड़ जंगलपोरा इलाके में हो रही है, जो हाल ही में हुए आतंकी हमले वाली जगह से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाल रखा है।

लश्कर कमांडर लतीफ भट के घिरे होने की आशंका

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मानव खुफिया जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष कमांडर लतीफ भट जंगलपोरा इलाके में फंसा हुआ है। कुलगाम में हालिया आतंकी हमले के बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। इसी इनपुट के आधार पर इलाके में अभियान तेज कर दिया गया है।

16 नवंबर को भी हुई थी मुठभेड़

गौरतलब है कि 16 नवंबर को भी कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया था, जबकि एक अन्य आतंकी के इलाके में घिरे होने की खबर सामने आई थी। इस ऑपरेशन को जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया था।

CRPF की टीम पर हमले के बाद बढ़ाई गई थी निगरानी

हाल ही में कुलगाम में CRPF की टीम को आतंकियों ने निशाना बनाया था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया था और हमलावरों की तलाश की जा रही थी।

वहीं, कश्मीर घाटी में सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं। हाल ही में उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के दुर्हामा इलाके में एक बाग में पानी की पाइपलाइन बदलने के दौरान तीन जिंदा हैंड ग्रेनेड मिले थे। बाद में बम निरोधक दस्ते ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए उन्हें सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया था।

फिलहाल जंगलपोरा में जारी मुठभेड़ और सुरक्षाबलों के अभियान पर सबकी नजर बनी हुई है।