अखिलेश यादव के रोड शो में JCB से कुचलकर 14 साल के बच्चे की मौत, गोरखपुर में हंगामा; CM योगी ने घोषित की मदद

अखिलेश यादव के रोड शो में JCB से कुचलकर 14 साल के बच्चे की मौत, गोरखपुर में हंगामा; CM योगी ने घोषित की मदद

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। अखिलेश यादव के स्वागत के लिए लगाई गई जेसीबी की चपेट में आने से बीजेपी नेता के 14 वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगा दिया और अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की। पीड़ित परिवार ने रोड शो के आयोजकों के साथ अखिलेश यादव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

जेसीबी की चपेट में आने से गई बच्चे की जान

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान बीजेपी नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है। वह दसवीं कक्षा का छात्र था। हादसा कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के पास हुआ, जो गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है।

बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव एयरपोर्ट से PDA रथ के जरिए देवकही गांव जा रहे थे। उनके स्वागत के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कूड़ाघाट में जेसीबी लगाई थी। कार्यकर्ता जेसीबी के जरिए फूल-मालाओं से स्वागत की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आर्यवर्धन स्कूटी से सड़क पार कर रहा था। तभी वह जेसीबी की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग, अखिलेश के खिलाफ नारेबाजी

बच्चे की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बीजेपी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

प्रदर्शनकारियों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार का कहना है कि रोड शो के दौरान भारी मशीनरी के इस्तेमाल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। परिवार आयोजकों के साथ अखिलेश यादव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोगों ने जाम हटा लिया।

CM योगी ने किया 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान

घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री के गुरुवार को गोरखपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। ऐसे में मृतक बच्चे के परिजनों से उनकी मुलाकात भी हो सकती है।

अखिलेश यादव ने किया था 20 किलोमीटर लंबा रोड शो

गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में PDA रथ यात्रा के तहत करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसमें समाजवादी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। एक स्थान पर क्रेन और जेसीबी के जरिए भी फूल-मालाएं पहनाई गईं।

रोड शो के बाद आयोजित जनसभा में अखिलेश यादव ने भीड़ को लेकर उत्साह जताया था। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में उमड़ी भीड़ को देखकर लगता है कि अगर अभी चुनाव हो जाए तो बीजेपी का डब्बा गोल हो जाएगा।

हालांकि, रोड शो के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे राजनीतिक कार्यक्रम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्वागत के लिए सड़क पर भारी मशीनरी लगाने के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए और इस हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी।