अखिलेश की रैली में बुलडोजर ने बच्चे को कुचला, सपा सांसद एसटी हसन ने कहा-‘हादसा तो किसी के साथ भी हो सकता है’

अखिलेश की रैली में बुलडोजर ने बच्चे को कुचला, सपा सांसद एसटी हसन ने कहा-‘हादसा तो किसी के साथ भी हो सकता है’

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इस घटना को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद एसटी हसन ने बच्चे की मौत को हत्या नहीं, बल्कि हादसा बताया है। उन्होंने इस घटना के लिए बच्चे के माता-पिता को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमला तेज कर दिया है।

एसटी हसन बोले- ‘हादसा किसी के साथ भी हो सकता है’

बच्चे की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए एसटी हसन ने कहा कि यह एक हादसा था और कोई भी व्यक्ति जानबूझकर ऐसा नहीं करता। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बुलडोजर ने जानबूझकर बच्चे को टक्कर मारी थी? इसमें गुंडागर्दी की क्या बात है? हसन ने कहा कि हादसा किसी के साथ भी हो सकता है। बच्चे को उसके माता-पिता को संभालकर रखना चाहिए था। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं।

सीएम योगी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर पहुंचकर मृतक बच्चे के परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें इंसाफ मिलेगा और घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। योगी ने कहा कि अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनाई गई हैं कि सपा और कांग्रेस के गुंडे आकर अराजकता फैलाएं। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने गुंडागर्दी करने की कोशिश की, तो ऐसे माफिया को मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।

अखिलेश के रोड शो में क्या हुआ था?

दरअसल, बुधवार को अखिलेश यादव गोरखपुर में रोड शो कर रहे थे। इस दौरान उनके स्वागत के लिए बुलडोजर भी लगाए गए थे। बुलडोजर से हो रहे स्वागत पर अखिलेश यादव काफी उत्साहित नजर आए थे। लेकिन अब यही बुलडोजर उनके लिए राजनीतिक मुश्किल बन गया है। बच्चे के पिता ओंकार सिंह के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा आर्यवर्धन अपनी बहन को स्कूल से लेने गया था। उसी समय सड़क से अखिलेश यादव का PDA रथ और काफिला गुजर रहा था। काफिले के आगे चल रहा एक बुलडोजर तेज रफ्तार से आया और सड़क पार कर रहे आर्यवर्धन को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बच्चा डिवाइडर से जा टकराया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई।

बच्चे की मौत के बाद भड़का गुस्सा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने अखिलेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ‘अखिलेश यादव मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए गए। लोगों की मांग थी कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, पुलिस ने अखिलेश  के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया। पुलिस ने हादसे में शामिल JCB को जब्त कर लिया है। साथ ही JCB चालक समेत 5 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

हादसे पर सवाल पूछने पर अखिलेश ने जताई थी अनभिज्ञता

इस घटना को लेकर परिवार के लोग अखिलेश यादव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। जब अखिलेश यादव गोरखपुर में मौजूद थे, तब उनसे बच्चे की मौत को लेकर सवाल पूछा गया था। उस समय उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया था। हालांकि, मामला बढ़ने और राजनीतिक विवाद तेज होने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मौत से सभी लोग दुखी हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई। साथ ही कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी के लोगों से परिवार से मिलने और हर संभव मदद करने के लिए कहा है।

Leave a Reply