अखिलेश के अयोध्या दौरे से पहले आकाश आनंद की हुंकार, पंकज चौधरी ने भी खोल दिया मोर्चा

अखिलेश के अयोध्या दौरे से पहले आकाश आनंद की हुंकार, पंकज चौधरी ने भी खोल दिया मोर्चा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले रामनगरी अयोध्या सियासत का बड़ा केंद्र बनती जा रही है। यहां बीएसपी, समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने वाले हैं। वहीं, उनसे पहले आज यानी कि 20 नवंबर को बीएसपी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद अयोध्या के सोहावल में बड़ी चुनावी जनसभा करेंगे। ऐसे में दोनों नेताओं के अयोध्या दौरे को राजनीतिक नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है

अखिलेश से पहले आकाश आनंद की अयोध्या में रैली

बीएसपी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद आज अयोध्या के सोहावल में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले इस रैली को बीएसपी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आकाश आनंद लगातार अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की राजनीति पर सवाल उठाते रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव के अयोध्या पहुंचने से ठीक पहले उनकी रैली को सियासी संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

12 दिसंबर को रामलला के दर्शन करेंगे अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह राम मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन करेंगे। राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही बीजेपी लगातार समाजवादी पार्टी को राम मंदिर और हिंदुत्व के मुद्दे पर घेरती रही है। ऐसे में अखिलेश यादव का रामलला के दर्शन करने का कार्यक्रम काफी अहम माना जा रहा है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी संदेश देने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

पंकज चौधरी ने अखिलेश पर साधा निशाना

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन पर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। पंकज चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि रामलला के प्रति आस्था दिखाने का नाटक भी करना है और ‘बाबरी ब्रिगेड’ के सदस्यों के लिए तालियां भी बजानी हैं।

‘अयोध्या जाने से पहले रामपुर में कोई आंखें न दिखाने लगे’

पंकज चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा कि अखिलेश यादव को रामलला के प्रति आस्था दिखाने का नाटक भी करना है और बाबरी ब्रिगेड के सदस्यों का समर्थन भी करना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि अयोध्या जाने से पहले ही रामपुर में कोई उन्हें आंखें दिखाने लगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि अखिलेश यादव ऐसे व्यक्ति के लिए जश्न मना रहे हैं, जो रामलला के खिलाफ बाबरी ब्रिगेड का सदस्य रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने भारत माता के लिए ‘डायन’ जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। साथ ही उस व्यक्ति पर मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान दंगाइयों के पक्ष में खड़े होने के आरोप हैं।

महिला सांसद पर टिप्पणी और आंबेडकर को लेकर भी घेरा

पंकज चौधरी ने अपने बयान में आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति का अखिलेश यादव समर्थन कर रहे हैं, उसने संसद के भीतर एक महिला सांसद के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भूमाफिया तक कह दिया था। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी के इस दोहरे चरित्र को पहचान चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता वोट की चोट से समाजवादी पार्टी के पाखंड का जवाब देगी। उन्होंने अपने पोस्ट के आखिर में लिखा कि लोगों के कारनामे खुद बोलते हैं।

अयोध्या से यूपी की राजनीति को साधने की तैयारी

कुल मिलाकर विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पहले आकाश आनंद की जनसभा और फिर अखिलेश यादव के रामलला दर्शन के कार्यक्रम ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। वहीं बीजेपी भी अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर उन पर हमलावर है। ऐसे में रामनगरी आने वाले दिनों में यूपी की सियासत का बड़ा अखाड़ा बन सकती है।

Leave a Reply