यादव-माधव को एक बताकर धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी, बोले- रामलला के बाद अब श्यामलला की बारी, चलो मथुरा

यादव-माधव को एक बताकर धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी, बोले- रामलला के बाद अब श्यामलला की बारी, चलो मथुरा

प्रतापगढ़: भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए एक बयान के बाद विवादों में घिरे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अब मामले को शांत करने की कोशिश में जुट गए हैं। यादव महासभा के विभिन्न संगठनों और विपक्षी नेताओं की आलोचनाओं के बीच उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ स्थित कुंडा में राजा भैया के बेंती राजभवन में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनकी नजर में यादव और माधव अलग-अलग नहीं, बल्कि एक हैं। इसके साथ ही उन्होंने हिंदुओं से एकजुट होने की अपील करते हुए मथुरा चलने का नारा भी दिया।

‘यादव और माधव दो नहीं, एक हैं’

श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह नहीं चाहते कि उनके हिंदू भाई आपस में बंटें। अगर उनकी किसी बात से किसी को ठेस पहुंची है तो वह एक बार नहीं, बल्कि सौ बार माफी मांगने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “हमारी नजर में यादव और माधव दो नहीं हैं, एक हैं। मेरी नजर में हम सब हिंदू एक हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही वृंदावन स्थित ठाकुर जी के धाम जाएंगे। यदि किसी के मन में अब भी कोई नाराजगी है तो वह ठाकुर जी से सभी को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेंगे।

धीरेंद्र शास्त्री ने दिया ‘चलो मथुरा’ का नारा

अपने संबोधन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने मथुरा जन्मभूमि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने व्यासपीठ से श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि अब मथुरा की ओर चलने का समय आ गया है। उन्होंने मथुरा में औरंगजेब से जुड़े ऐतिहासिक विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदुओं को इस दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा, “रामलला तो बैठ गए, अब श्यामलला भी बैठ जाएं। इसके लिए हमें चाहे कितनी भी गालियां सुननी पड़ें या हमारे पुतले जलाए जाएं, लेकिन आप हमारे साथ मथुरा चलिए।” उन्होंने राम मंदिर का उदाहरण देते हुए मथुरा में भी श्यामलला के विराजमान होने की इच्छा जताई।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, भगवान श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की हालिया टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया था। उन्होंने कहा था, ‘हमारे राम सीधे हैं और तुम्हारे कृष्ण टेढ़े हैं।’ उनके इस बयान को लेकर यादव महासभा के कई संगठनों ने नाराजगी जताई थी। वहीं, विपक्षी नेताओं ने भी उनकी टिप्पणी की आलोचना की थी।

लगातार बढ़ते विरोध के बीच अब धीरेंद्र शास्त्री ने यादव और माधव को एक बताते हुए माफी मांगी है। उनके ताजा बयान को विवाद पर विराम लगाने और हिंदू समाज में एकता का संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।