गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर प्रभात फेरियों में बढ़ी रौनक, 24 नवंबर को होगा मुख्य आयोजन

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर प्रभात फेरियों में बढ़ी रौनक, 24 नवंबर को होगा मुख्य आयोजन

देवबंद। साहिब श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर नगर में निकाली जा रही प्रभात फेरियों में श्रद्धालुओं की रौनक दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। सुबह से ही श्रद्धालु गुरुवाणी का गायन और सतनाम वाहेगुरु का जाप करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं।

प्रभातफेरी प्रातःकाल गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर सुभाष चौक, रेलवे रोड, गणेशपुरम, शिव विहार और इंडस्ट्रियल स्टेट होते हुए लाजपत नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सेठ कुलदीप कुमार के निवास पर पहुंची। यहां परिवार के सदस्यों ने फूलों की वर्षा कर प्रभातफेरी का भव्य स्वागत किया।

इस दौरान भाई धर्म सिंह, चंद्रदीप सिंह, चन्नी बेदी, भोली मनचंदा, पपिंद्र कौर, रोजी बेदी और हरप्रीत कौर बेदी ने गुरुवाणी का गायन कर संगत को निहाल किया। सतनाम वाहेगुरु के जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

गुरुद्वारा कमेटी के सचिव गुरजोत सिंह सेठी ने बताया कि 24 नवंबर को साहिब श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसके उपलक्ष्य में 22 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का पाठ प्रारंभ होगा।

इस अवसर पर कुलभूषण छाबड़ा, राजन छाबड़ा, रमन छाबड़ा, सचिन छाबड़ा, मोहित मल्होत्रा, मानव सिंह और प्रिंस कपूर सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।