भोपाल । कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने सोमवार को यह ट्वीट कर मध्य प्रदेश की राजनीति में सनसनी फैला दी कि ‘मामू का जाना तय है।’ दरअसल, मामू उन्होंने प्रदेश के बच्चों द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मामा कहे जाने के आधार पर लिखा है। सिंह ने ट्वीट किया कि ‘अब मप्र भाजपा में मुख्यमंत्री के लिए केवल दो ही उम्मीदवार रह गए हैं – ‘मोदी जी के उम्मीद प्रहलाद पटेल और संघ के उम्मीदवार वीडी शर्मा। बाकी उम्मीदवारों के प्रति मेरी सहानुभूति है। मामू का जाना तय।’ उन्‍होंने कहा कि आजकल भाजपा मोदी शाह अपने मुख्यमंत्रियों को बदल रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी कुछ हमारे भाजपा के अपने आप को योग्य समझने वाले नेताओं की उम्मीदें बढ़ गई हैं। कितने और कौन कौन मप्र भाजपा में उम्मीदवार हैं, कोई हमें बता सकता है? नहीं बताओगे तो मैं कल सूची दे दूंगा।’ सिंह के इस ट्वीट के बाद मप्र में राजनीतिक खुसुर-पुसुर बढ़ गई है।

नरोत्तम मिश्रा ने कसा तंज

मध्‍य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जवाब देने में देर नहीं की। उन्होंने तंज कसा कि दिग्विजय सिंह अगर कमलनाथ के पद छोड़ने पर ध्यान देते तो शायद उनके लिए ज्यादा बेहतर होता। कांग्रेस के नेता खुद अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम तय नहीं कर पा रहे हैं और दूसरों के लिए सूचना जारी कर रहे हैं। जब दिग्विजय सिंह सूची जारी करेंगे तब हम भी बताएंगे कि ये किसके कहने पर जारी की है।

इधर, दिग्विजय सिंह भोपाल में सोमवार शाम पत्रकार वार्ता भी कर रहे हैं। संभव है वे वार्ता में इस विषय पर भी कोई बात कहकर नई सनसनी फैलाएं।