मुजफ्फरनगर हादसे पर योगी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल के बयान पर विवाद, ‘9 बच्चे हैं तो…’ टिप्पणी से मचा सियासी बवाल

मुजफ्फरनगर हादसे पर योगी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल के बयान पर विवाद, ‘9 बच्चे हैं तो…’ टिप्पणी से मचा सियासी बवाल
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल

मुजफ्फरनगर/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भारी बारिश के दौरान कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में पिता और उनके चार बच्चों ने जान गंवा दी, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं। इस बीच अस्पताल पहुंचे प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल का एक बयान सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।

जिला अस्पताल में घायलों का हालचाल जानने पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल से जब पत्रकारों ने कच्चे मकानों और सरकारी योजनाओं को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, “जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार सभी को पक्के मकान देने का प्रयास कर रही है, लेकिन इसकी भी कुछ सीमाएं हैं। इस परिवार में नौ बच्चे हैं, ऐसे में परिस्थितियों को भी समझना होगा।” मंत्री की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उनकी संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे।

हालांकि मंत्री ने हादसे पर गहरा दुख भी व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चियों के बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को तत्काल निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है और प्रशासन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

बारिश में ढहा कच्चा मकान, पांच की मौत

यह दर्दनाक हादसा मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में रविवार शाम हुआ। लगातार हो रही बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

हादसे में 52 वर्षीय इस्लामुद्दीन, उनके आठ महीने के बेटे जीशान, दो वर्षीय आहद, पांच वर्षीय अल्शिफा और 12 वर्षीय रुखसार की मौत हो गई। वहीं रुकैया और सुमैया नाम की दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों का चल रहा इलाज

पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला अस्पताल में भर्ती दोनों घायल बच्चियों का इलाज जारी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है, जबकि मंत्री कपिल देव अग्रवाल के बयान को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर भी शुरू हो गया है।