भूमि पर कब्जे को लेकर प्रधान सहित कई के खिलाफ तहरीर

भूमि पर कब्जे को लेकर प्रधान सहित कई के खिलाफ तहरीर

गंगोह: कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में ग्राम प्रधान के साथ मिलकर खेत पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गांव के कई लोगों पर आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पुलिस में दी गई तहरीर में वकील, जिलेदार, जुलफकार, शराफत, महफूज आदि ग्रामीणों ने कहा है कि गांव बेग्गीनाजर में उनकी कृषि भूमि कई खसरा नंबरों में स्थित है। उनका दावा है कि उनका परिवार विगत 50 वर्षों से भी ज्यादा समय से उक्त भूमि पर काबिज होकर खेती करता चला आ रहा है, जिसकी खतौनी भी उनके नाम है। आरोप है कि ग्राम प्रधान सहित कई लोग उनकी भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। जब भी वे खेत में कृषि कार्य करने जाते हैं तो आरोपी वहां पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।

पीड़ितों के अनुसार एक नवंबर को उनके साथ खेत में मारपीट की गई थी, जिसकी सूचना कुंडा चौकी पर भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 8 नवंबर की मारपीट व 10 नवंबर की शाम को भी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दोबारा खेत में आने पर गोली मारने और जान से खत्म करने की धमकी दी। पीड़ितों ने ग्राम प्रधान समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

Leave a Reply