मेरठ-बागपत हाईवे पर स्कॉर्पियो लूटी गई : साध्वी योगी अंजली नाथ के काफिले में थी कार

मेरठ-बागपत हाईवे पर स्कॉर्पियो लूटी गई : साध्वी योगी अंजली नाथ के काफिले में थी कार

मेरठ: मेरठ के मेरठ-बागपत हाईवे पर बुधवार सुबह नकाबपोश बदमाशों ने एक स्कॉर्पियो लूटने की घटना को अंजाम दिया। यह गाड़ी साध्वी योगी अंजली नाथ के काफिले का हिस्सा थी। घटना उस समय हुई जब चालक जहीर अब्बास ने गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और थोड़ी देर के लिए नीचे उतर गए।

जैसे ही जहीर गाड़ी से बाहर निकले, बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए स्कॉर्पियो पर कब्जा कर लिया और बागपत की दिशा में भाग निकले। पीछे चल रही दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने इस घटना को देखा और शोर मचाया। इसके बाद उन्होंने GPS के माध्यम से लूटी गई स्कॉर्पियो की लोकेशन ट्रेस की और उसका पीछा शुरू किया।

बदमाशों ने जब देखा कि उनका पीछा किया जा रहा है, तो उन्होंने स्कॉर्पियो को जिटौली गांव के जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

इस घटना ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की गश्त और निगरानी पर सवाल उठते हैं कि कैसे बदमाशों को इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने का मौका मिला। हैरानी की बात यह है कि लूटी गई गाड़ी का पीछा पीड़ित पक्ष को GPS के सहारे करना पड़ा।

घटनास्थल के थाना क्षेत्र को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जानी थाना पुलिस का कहना है कि यह घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के कंकरखेड़ा बाइपास पर हुई है। जानी थाना प्रभारी अजयदीप ने बताया कि पुलिस सूचना मिलने पर सक्रिय हुई थी और लूटी गई स्कॉर्पियो जिटौली के जंगल में मिली है। अब संबंधित थाना पुलिस मामले की जांच करेगी।

 

Leave a Reply