चिलकाना पुलिस ने मुठभेड़ में एक गौकश को किया लंगड़ा, दूसरा फरार
सहारनपुर। थाना चिलकाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गौकशी का प्रयास करते एक हिस्ट्रीशीटर गौकश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा मय दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, एक जिंदा गौवंश एवं गौकशी के उपकरण बरामद करने में सफलता हासिल कर ली। मिली जानकारी थाना चिलकाना पुलिस देर रात्रि नल्हेड़ा से सलीरी जाने वाली रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सलीरी के जंगल में गन्ने के खेत में कुछ व्यक्ति गौकशी करने का प्रयास कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची तो देखा कि दो व्यक्ति गौकशी करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस जैसे ही गौकशों को पकड़ने के लिए नजदीक पहुंची तो गौकशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की जिसमें एक गौकश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने घायलावस्था में दबोच लिया। जबकि दूसरा अंधेरे व जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा जिसकी तलाश में पुलिस काफी देर तक काम्बिंग करती रही परंतु उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका।
दबोचे गए घायल बदमाश की पहचान दिलशाद उर्फ कल्लू पुत्र जाहिद निवासी ग्राम चैरा खुर्द थाना चिलकाना के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा मय दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, दो जिंदा गौवंश एवं गौकशी के उपकरण बरामद कर लिए। पुलिस ने दबोचे गए घायल गौकश उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
