त्यागी समाज के युवाओं की हत्याओं पर भाजपा की चुप्पी, समाज में आक्रोश
मांगेराम बोले—अब समाज की नाराजगी का एहसास कराया जाएगा, देवबंद में होगा ‘ महाकुंभ’
देवबंद। त्यागी समाज के युवाओं से जुड़े हत्याकांडों को लेकर समाज में नाराजगी का मुद्दा गरमा गया है। त्यागी भूमिहार ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने हापुड़ के गौरव हत्याकांड, गाजियाबाद के चिराग हत्याकांड, मेरठ के दीपक त्यागी हत्याकांड और अरविंद पांडे हत्याकांड का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया।
मांगेराम ने कहा कि इन घटनाओं से समाज को गहरी पीड़ा पहुंची है। उनका आरोप है कि ऐसे मामलों में भाजपा के मंत्री, विधायक और बड़े नेताओं की ओर से अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई। उन्होंने कहा कि इन मामलों पर मुख्यमंत्री की ओर से सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आना भी समाज के लिए पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि अब समाज अपनी नाराजगी राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंचाएगा। इसके लिए देवबंद में ‘कपड़ा महाकुंभ’ आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख लोगों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी। इसके बाद महाकुंभ की तारीख की घोषणा की जाएगी।
अपने ऊपर निशाना साधे जाने के सवाल पर मांगेराम ने कहा कि समाज में उत्पीड़न और युवाओं की हत्या जैसे गंभीर मुद्दे मौजूद हैं। ऐसे समय में व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय समाज के हित में काम करने की जरूरत है।
प्रेसवार्ता में सहारनपुर जिलाध्यक्ष सुशील त्यागी, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष विदित त्यागी, अनिल त्यागी, अरुण त्यागी, सुमित त्यागी, प्रहलाद त्यागी, पवन त्यागी, तुषार त्यागी, सोनू त्यागी, सितेंद्र और हरिओम मुखिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
