कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चलाया चैकिंग अभियान

कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चलाया चैकिंग अभियान
सहारनपुर में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चैकिंग करती डाॅग स्क्वायड की टीम।

सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुरुवार को सहारनपुर रेलवे स्टेशन एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बीडीडीएस (बम निरोधक दस्ता), एंटी स्क्वाड चेकिंग टीम तथा डॉग स्क्वाड ने आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की सहायता से रेलवे स्टेशन परिसर की गहन तलाशी ली। चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल, फुटओवर ब्रिज तथा आसपास के सार्वजनिक स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं की सघन जांच की गई ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस टीम ने यात्रियों एवं आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी अथवा डायल-112 पर सूचना दें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने, यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गयी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी और नियमित चेकिंग अभियान जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।