माॅकड्रिल कर जिला चिकित्सालय में कर्मचारियांे को कराया आपातकालीन परिस्थििति से निपटने का अभ्यास
सहारनपुर। लखनऊ के अलीगंज के अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर जनपद में अग्निशमन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत अस्पतालों, होटलों और कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन उपकरणों की जांच की जा रही है तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। विभाग की ओर से मॉकड्रिल आयोजित कर कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास भी कराया गया।
आज जिला चिकित्सालय में मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेज प्रताप के अगुवाई में अग्निशमन विभाग की टीम ने जिला अस्पताल और महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां लगे अग्निशमन उपकरणों की जांच की गई और डॉक्टरों, नर्सों तथा अन्य कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। विभाग की ओर से मॉकड्रिल आयोजित कर कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास भी कराया गया।
अग्निशमन अधिकारी तेज प्रताप ने बताया कि शासन के निर्देश पर सभी संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच की जा रही है और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल स्टाफ को गैस सिलेंडर में आग लगने पर उसे बुझाने के तरीके, आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी और किसी व्यक्ति के फंस जाने पर उसे सुरक्षित बाहर निकालने की जानकारी दी गई।
अग्निशमन अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरों और संस्थानों में पुरानी और जर्जर बिजली की वायरिंग को समय रहते बदलवा लेना चाहिए। अधिक लोड और खराब वायरिंग के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि बिजली और गैस से जुड़े उपकरणों की समय-समय पर जांच करानी चाहिए। तेज प्रताप ने अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों से कहा कि यदि कहीं भी आग लगने का खतरा दिखाई दे, चाहे वह मामूली ही क्यों न हो, तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें और अलार्म बजाकर लोगों को सतर्क करें।
साथ ही अग्निशमन उपकरणों को समय-समय पर चलाकर उनकी कार्यक्षमता की जांच भी करते रहना चाहिए। मॉक ड्रिल के दौरान डॉक्टरों, नर्सों और महिला कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय संयम के साथ कार्रवाई करने और लोगों की जान बचाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान महिला सीएमएस सुधा सिंह, अग्निशमन अधिकारी तेज प्रताप ऋषभ पवार राहुल कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
