बृजभूषण सिंह बोले- ‘देश को नेपाल-पाकिस्तान के नजरिए से देखते हैं राहुल गांधी’

बृजभूषण सिंह बोले- ‘देश को नेपाल-पाकिस्तान के नजरिए से देखते हैं राहुल गांधी’

उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें विदेशी बनाम स्वदेशी के मुद्दे पर बोलने से बचने की सलाह दी है. यही नहीं उन्होंने राहुल गांधी को लोकतंत्र में विश्वास न करने वाला बताया.

बृजभूषण शरण ने कहा, “बात निकलेगी तो दूर तक जाएगी, कम से कम राहुल गांधी को विदेशी बनाम स्वदेशी के मुद्दे पर बोलने से बचना चाहिए. वे लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखते. इसीलिए वे अमेरिका का उदाहरण देते हैं, बांग्लादेश में जो हो रहा है उसका जिक्र करते हैं और इस देश को नेपाल और पाकिस्तान के नजरिए से देखते है.” उन्होंने आगे कहा कि आप ये साड़ी बातें संसद में क्यों नहीं उठाते ? संसद इसलिए बनाई गयी है ताकि आप अपनी बात वहां रख सकें.

राहुल गांधी ने विदेशी ताकतों के सवाल पर पीएम मोदी को दिया था जवाब

दरअसल राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी ताकतों वाले बयान पर आरोप लगाते हुए कहा,  “आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं. ” राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया कि भारत की मौजूदा आर्थिक और वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण और उनके समर्थन पर टिकी हुई है.

इसके साथ ही राहुल गांधी ने यह दावा किया है कि विदेशी सोकुइअल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पूरी तरह से पीएम मोदी और उनकी सरकार के साथ खड़े हैं. उन्होंने पीएम मोदी को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दी है.

बीजेपी का पलटवार

बीजेपी के अन्य नेताओं के साथ ही अब बृजभूषण शरण सिंह ने भी राहुल गांधी के इस मुद्दे पर पलटवार किया है और उनसे विदेशी ताकतों के इस्तेमाल जैसे मुद्दे पर न बोलने की सलाह दी है. बृजभूषण शरण सिंह इससे पहले भी राहुल गांधी और विपक्ष पर विरोध प्रदर्शन के लिए सवाल उठा चुके हैं. उन्होंने CJP के आंदोलन को एलन मस्क द्वारा समर्थित बताया था.