उपचुनाव रिजल्ट: सहारनपुर में गंगोह विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी किरत सिंह 5362 वोटों से जीते

उपचुनाव रिजल्ट: सहारनपुर में गंगोह विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी किरत सिंह 5362 वोटों से जीते

सहारनपुर विधानसभा के गंगोह उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी किरत सिंह 5362 वोटों से जीत गए। शुरुआत से ही कांग्रेस प्रत्याशी नोमान मसूद लगातार आगे चल रहे थे। हालांकि दूसरे नंबर पर भाजपा के किरत सिंह लगातार वोटों के मामले में उनका पीछा कर रहे थे। 11वें राउंड के बाद नोमान मसूद ने तेजी से बढ़त बना ली थी।

आलम यह रहा कि 17वें और 18वें राउंड तक यह बढ़त 14,000 से अधिक तक पहुंच गई थी। लेकिन उसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने तेजी दिखाई और बढ़त को कम करने का प्रयास किया। 21वे राउंड तक बढ़त लगभग 10000 रह गई और 23वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी से कांग्रेस प्रत्याशी नोमान मसूद की बढ़त मात्र 9000 वोट रह गई।

भाजपा प्रत्याशी समर्थकों के साथ उम्मीद कर रहे थे कि इस बढ़त को खत्म कर भाजपा जीत हासिल करेगी, जबकि नोमान मसूद कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों ने अपनी जीत लगभग तय मान ली है। लेकिन कुछ ही राउंड के बाद नजारा पूरी तरह बदल गया और भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी को पछाड़ दिया।

इसको लेकर मतगणना स्थल से बाहर मौजूद दोनों प्रत्याशियों के समर्थक हर राउंड की गिनती पर निगाहें गढ़ाए रहें। एक-एक वोट का हिसाब लगाया जा रहा है, एक-एक क्षेत्र के बारे में जानकारी की जा रही थी कि किस क्षेत्र की मतगणना शेष है और वह किस प्रत्याशी का बाहुल्य इलाका है।

वहीं कांग्रेस-सपा का कहना है कि भाजपा का एजेंट बनकर प्रशासन ने काम किया। सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष संतर पाल ने कहा प्रशासन ने जबरदस्ती भाजपा को जिताया। जिलाधिकारी ने सभी एजेंटों को बंधक बनाया। कांग्रेस प्रत्याशी नोमान ने कहा कि जिला प्रशासन ने लोकतंत्र की हत्या की है। इसकी लड़ाई लड़ी जाएगी। चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी। जिला प्रशासन ने भाजपा का एजेंट बनकर काम किया।

इस पर जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि सारे आरोप निराधार है। प्रेक्षक की मौजूदगी और सभी एजेंट की मौजूदगी रहे। कुछ लोग मोबाइल का प्रयोग कर रहे थे। उन्हें जरूर निकाला गया।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे