सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण पर भड़के अवधेश प्रसाद, BJP को घेरा
सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को गिराने की कार्रवाई शुरू होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. कोर्ट के आदेश को सही ठहराए जाने के बाद DM ऑफिस कॉम्प्लेक्स में बनी मस्जिद को हटाने का काम शुरू किया गया है. इस कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने सरकार पर निशाना साधा है.
अवधेश प्रसाद ने कहा कि कैराना से सपा सांसद इकरा हसन को स्थानीय विधायक और अन्य लोगों के साथ नजरबंद कर दिया गया है. उन्होंने इसे सांसद के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया और BJP पर लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, “इकरा हसन हमारी पार्टी की सांसद हैं. जानकारी मिली है कि उन्हें स्थानीय विधायक और अन्य लोगों के साथ नजरबंद कर दिया गया है. यह उनका संवैधानिक अधिकार है और BJP इस संवैधानिक अधिकार को पूरी तरह से कुचल रही है. लोकतंत्र के लिए इससे बड़ा खतरा और कोई नहीं हो सकता है”
जनप्रतिनिधि को घटनास्थल पर जाने का अधिकार
अवधेश प्रसाद ने कहा, “जब कोई घटना होती है, तो जनप्रतिनिधि की यह ज़िम्मेदारी होती है कि वह घटनास्थल पर जाए, लोगों से बात करे और समस्याओं का समाधान करे. इसलिए सरकार का यह कदम अलोकतांत्रिक है और हम इसकी निंदा करते हैं.”
2027 चुनाव को लेकर BJP पर निशाना
अवधेश प्रसाद ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी BJP पर हमला बोला. उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे हम 2027 के चुनावों की ओर बढ़ रहे हैं, BJP लगातार राज्य में उन्माद फैलाने की कोशिश कर रही है. महंगाई, छात्रों की बेरोजगारी, किसानों की परेशानी और कानून-व्यवस्था की स्थिति, जिसमें हत्याएं भी शामिल हैं, जैसे मुद्दे आने वाले चुनावों में BJP सरकार के लिए बहुत भारी पड़ेंगे. अगर BJP उत्तर प्रदेश में 50 सीटें भी जीत जाती है, तो यह पूरी दुनिया के लिए बहुत बड़ी हैरानी की बात होगी.”
सहारनपुर की कार्रवाई के बीच अवधेश प्रसाद के इस बयान से साफ है कि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है. वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह मामला सियासी तौर पर भी तूल पकड़ता दिख रहा है.
