‘सहारनपुर में मस्जिद गिराने के लिए अखिलेश जिम्मेदार’, AIMIM का बड़ा आरोप

‘सहारनपुर में मस्जिद गिराने के लिए अखिलेश जिम्मेदार’, AIMIM का बड़ा आरोप

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को 5 सिंतबर शनिवार 2026 को प्रशासन ने ढहा कर ध्वस्त कर दिया, मस्जिद गिराए जाने के बाद बवाल बढ़ गया है. अब इस मामले में AIMIM का बयान सामने आया है. पार्टी के प्रवक्ता शादाब चौहान ने इसके लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया है.

AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव दो दिन पहले सहारनपुर आए थे और यहां ‘मैच फिक्सिंग’ करके गए. उन्होंने कहा कि इसी फिक्सिंग के तहत मस्जिद को गिराया गया और समाजवादी पार्टी के सांसदों व विधायकों को हाउस अरेस्ट किए जाने का ड्रामा किया गया.

मस्जिद गिराए जाने पर शादाब चौहान ने जताई नाराजगी

मस्जिद गिराए जाने पर शादाब चौहान ने नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी भी धर्मस्थल पर बुलडोजर नहीं चलना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि बड़े-बड़े घोटालों की जांच नहीं होती, लेकिन मस्जिदों को गिराने का काम तेजी से किया जा रहा है. उन्होंने यह भी सवाल किया कि मस्जिद को रात के अंधेरे में ही गिराने की आखिर इतनी जल्दी क्या थी?

दरअसल, सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित करीब 115 साल पुरानी बताई जा रही मस्जिद को शनिवार सुबह प्रशासन ने अदालत के आदेश के बाद ढहा दिया. मस्जिद गिराए जाने की घटना के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. अब एआईएमआईएम ने भी इस कार्रवाई पर ऐतराज जताया है.

यूपी विधानसभा चुनाव पर दी प्रतिक्रिया

आगामी 2027 यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर शादाब चौहान ने कहा कि AIMIM गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी गठबंधन में साथ नहीं आती है तो इससे जाहिर होता है कि वह बीजेपी को हराने के लिए गंभीर नहीं है.

फिलहाल AIMIM 2027 विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में जुटी है. शादाब चौहान ने बताया कि मेरठ की किठौर विधानसभा सीट के लिए भी पार्टी ने एक संभावित उम्मीदवार तय कर लिया है.

Leave a Reply