पटना। आइबी की सूचना पर बिहार एटीएस ने रविवार को राजधानी में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पाकिस्‍तानी महिला को खुफिया जानकारी देने के मामले में पटना के दानापुर इलाके से सेना के जवान को गिरफ्तार किया गया है। जवान पर आरोप है कि वह फील्‍ड इन्फार्मेशन पड़ोसी देश की एक महिला को फोन पर देता था। उस पर कुछ गोपनीय दस्तावेज साझा करने के भी आरोप लगे हैं। हनी ट्रैप के मामले में गिरफ्तार जवान ने प्रारंभिक पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। हालांकि अधिकारी अभी मामले की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। आरोपित बिहार के नालंदा निवासी जनार्दन प्रसाद सिंह है। उसकी अभी पुणे में पोस्टिंग है। जवान से खगौल थाने में पूछताछ की जा रही है।

नालंदा निवासी जनार्दन प्रसाद सिंह पर आरोप लगा है कि वह पाकिस्तान में रह रही एक महिला को सेना से जुड़ी खुफिया जानकारी साझा कर रहा था। महिला की जवान से फोन पर बात होती थी। आरोप यह भी है कि वह गोपनीय दस्तावेज भी पाकिस्तान को साझा कर रहा था। आइबी की रिपोर्ट पर छठ के दो दिन पहले से ही बिहार एटीएस की टीम जवान के पीछे लगी थी। पुष्टि होने पर रविवार को उसकी गिरफ्तारी की गई। उसपर गुप्त जानकारी साझा करने का है आरोप। बता दें कि कार्रवाई से पहले मामले की जानकारी आइबी ने बिहार एटीएस को दी थी। गुप्त सूचना मिलने पर रविवार की दोपहर एटीएस ने दानापुर इलाके से जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपित को खगौल थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है।