अखिलेश यादव को पसंद नहीं आया सीएम योगी आदित्यनाथ का अयोध्या में दिया ये बयान, कहा- पराजय काल…
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर टिपप्णी की है जिसमें उन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज कराए जाने का दावा किया था. पूर्व सीएम ने बिना मुख्यमंत्री के बयान का जिक्र करते हुए लिखा- पराजय-काल विपरीत बुद्धि!
दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में कहा था कि इन लोगों ने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाई थी, लेकिन क्या सपा, कांग्रेस या अन्य सरकारें जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा पाएंगी. यदि नहीं करा पाएंगी तो हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों कराया गया था? आस्था का दिखावा कर रहे लोगों ने यह पाप किया था, जबकि भाजपा ने अयोध्या को सनातन धर्म की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित किया.
सीएम योगी ने और क्या कहा?
सीएम ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग एयरपोर्ट के नाम पर गुमराह करते थे, लेकिन अब महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन गया है. अयोध्या सभी शहरों के साथ जुड़ गई है. सपा व कांग्रेस वाले कुछ नहीं कर पाए, इसलिए अयोध्या का विरोध कर रहे हैं. डबल इंजन सरकार ने निषादराज के नाम पर रैनबसेरा और मां शबरी के नाम पर भोजनालय बनवाकर समरसता फैलाई. हरिद्वार में हरि की पैड़ी की तरह ही अयोध्या में राम की पैड़ी दिख रही है. रोज सरयू मैया की आरती होती है. सपा जिस वक्फ के नाम पर श्रृंग्वेरपुर में कब्जा करा रही थी, भाजपा सरकार ने वहां भगवान राम व निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा व स्मारक बनाया है. सपा के लोग जाकर देखें कि श्रृंग्वेरपुर सौंदर्यीकरण की नई ऊंचाइयों तक पहुंच गया है.
खालिद रशिद फरंगी महली ने सीएम के अयोध्या में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी. महली ने कहा कि तमाम मामलात आप बयान कर रहे हैंय ये सियासी बयान है. मंदिर में पूजा होना चाहिए मस्जिद में नमाज होनी चाहिए.
