अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकाली जा रही संवाद यात्रा: शाहनवाज आलम

अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकाली जा रही संवाद यात्रा: शाहनवाज आलम
सहारनपुर में गांधी-अंबेडकर संवाद यात्रा की बुकलेट दिखाते कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज आलम।

सहारनपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बिहार के सह प्रभारी शाहनवाज आलम ने कहा कि कांग्रेस द्वारा महात्मा गांधी और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘गांधी-अंबेडकर संवाद यात्रा’ निकाली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान के मूल्यों के साथ छेड़छाड़ कर रही है। कांग्रेस नेता बुधवार को पूर्व जिलाध्यक्ष जावेद साबरी के आवास पर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने शाहनवाज आलम का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि गांधी-अंबेडकर संवाद यात्रा चार चरणों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के प्रथम चरण की शुरुआत 8 सितंबर को अलीगढ़ से हुई थी। इसके बाद यात्रा बुलंदशहर, गढ़मुक्तेश्वर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली और अमरोहा होते हुए सहारनपुर पहुंची।

शाहनवाज आलम ने कहा कि यात्रा के दौरान दलित और अल्पसंख्यक वर्ग सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया जा रहा है। लोगों को महात्मा गांधी और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों से अवगत कराते हुए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यात्रा के माध्यम से कांग्रेस की ओर से 10 सूत्रीय मांगों को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। उन्होंने दलितों के लिए उपलब्ध कानूनी सुरक्षा की तर्ज पर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए भी कानून बनाने तथा अल्पसंख्यक वर्ग को मंत्रालयों में प्रतिनिधित्व देने की मांग की।

कांग्रेस नेता ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि 1976 में संविधान संशोधन के माध्यम से प्रस्तावना में ‘समाजवादी’ और ‘धर्मनिरपेक्ष’ शब्द जोड़े गए थे। कांग्रेस का आरोप है कि वर्तमान सरकार इन मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने विभिन्न वर्गों के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवास संबंधी कानून बनाने की मांग भी उठाई। शाहनवाज आलम ने कहा कि संवाद यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाना और लोगों के बीच संवाद के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू पठान, महानगर अध्यक्ष आरिश सिद्दीकी, जसमीन खान, कैफ भाई पठान, प्रदेश सचिव सत्यम भूर्यान सैनी, खालिद मोहम्मद खान, डॉ. सुएब, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गुलशेर आलम समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply