दूसरे दिन भी आबकारी विभाग का चेकिंग अभियान जारी, शराब माफियाओं में मचा हड़कंप
सहारनपुर। प्रदेश के आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त नीरज वर्मा के निर्देश पर जनपद में दूसरे दिन भी आबकारी विभाग का विशेष चेकिंग अभियान जारी रहा। अभियान के दौरान अवैध शराब की तस्करी, बिक्री और परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 राजेश मिश्र, सेक्टर-2 राजकमल सिंह तथा प्रवर्तन टीम की आबकारी निरीक्षक दीपा केसरी और बलराम सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने महानगर समेत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग की। टीमों ने देशी-विदेशी शराब और बीयर की दुकानों के साथ ढाबों व रेस्टोरेंट की भी जांच की।
चेकिंग के दौरान महानगर के अंबाला रोड और घंटाघर क्षेत्र में रेहड़ी दुकानदारों एवं ढाबा संचालकों को चेतावनी दी गई कि उनकी दुकानों या ढाबों पर अवैध रूप से शराब परोसी गई अथवा नियमों का उल्लंघन करते हुए शराब पिलाई गई तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी टीमों ने जनपद के दूरदराज के गांवों, ईंट-भट्ठों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी दबिश देकर जांच की। इस दौरान यह देखा गया कि कहीं अवैध रूप से कच्ची शराब का निर्माण तो नहीं किया जा रहा है।
वहीं हथिनी कुंड बैराज पर आबकारी निरीक्षक विकास यादव ने मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों की जांच की गई और वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर रवाना किया गया। सरसावा चेक पोस्ट पर सहायक आबकारी आयुक्त विशाल वर्मा ने टीम के साथ हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की।
उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार के अवैध शराब कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध शराब का कारोबार करते पाए जाने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग टीम में प्रधान आबकारी सिपाही रविकांत राय, प्रधान आबकारी सिपाही बलवीर, प्रधान सिपाही फहीम, आबकारी सिपाही हरपाल, आबकारी सिपाही सोनू सिंह और प्रधान आबकारी सिपाही सुदीप शामिल रहे।
