नवागत सीडीओ डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने संभाला कार्यभार
विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता, अधिकारियों को दिए पारदर्शिता व जवाबदेही के निर्देश
सहारनपुर : डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बुधवार को सहारनपुर के नवागत मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में विकास भवन पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचयात्मक संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया।
डॉ. सुनील कुमार वर्मा वर्ष 2022 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वह अपर आयुक्त, राज्य कर, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर तैनात रहे हैं।
अंतिम पायदान तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
नवागत सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने मनरेगा, ग्रामीण आवास, पेयजल और स्वच्छता सहित विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जनशिकायतों के निस्तारण पर जोर
डॉ. वर्मा ने कहा कि विकास भवन में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। जनसुनवाई और जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को त्वरित राहत मिल सके।
टीमवर्क और समन्वय से विकास को मिलेगी गति
जिले में चल रही विभिन्न निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत टीमवर्क और बेहतर विभागीय समन्वय से विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर जनपद में विकास की अपार संभावनाएं हैं। विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारने और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सकारात्मक सुझावों और जनसहयोग के साथ जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
