अंकित बालियान के परिवार से मिले जयंत चौधरी, बोले- ‘यूपी में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं होगा’
शामली: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में दो आरोपियों के पुलिस कार्रवाई में मारे जाने के बाद राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी आज अंकित के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज और सरकार परिवार के साथ खड़ी है।
परिजनों से मुलाकात के बाद जयंत चौधरी ने कहा कि “हम सभी अंकित के परिवार के साथ हैं। पुलिस की जांच अभी जारी है।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है और इस तरह के गंभीर मामलों की जांच में समय लगता है।
सीएम योगी से भी हुई मामले पर चर्चा
जयंत चौधरी ने बताया कि उन्होंने अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि अपराध के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति स्पष्ट है और मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है।
रालोद प्रमुख ने कहा कि अंकित बालियान एक कलाकार था और जिस तरह से इस वारदात को कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया, वह बेहद गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लोगों ने मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
‘ये हमारा गांव है, हमारे लोग हैं’
अंकित के परिवार से मुलाकात के दौरान जयंत चौधरी ने कहा कि “ये हमारा गांव है, हमारे लोग हैं।” उन्होंने अंकित के पिता से भी बातचीत की। जयंत ने कहा कि अंकित के पिता खुद सेना में रह चुके हैं और उन्होंने उनसे हिम्मत तथा धैर्य बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस मामले को लेकर उनकी बातचीत हुई है और मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। जयंत चौधरी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में अनावश्यक राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह पूरे मामले का कुशल संचालन सुनिश्चित करे।
अखिलेश यादव के सवाल पर क्या बोले जयंत?
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मामले को लेकर उठाए गए सवालों पर जयंत चौधरी ने कहा कि जब इस तरह का गंभीर अपराध होता है तो हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपनी राय व्यक्त कर सकते हैं।
एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों पर जयंत चौधरी ने कहा, “मैं एनकाउंटर शब्द नहीं कहूंगा। जो परिस्थितियां रही हैं, उसका जवाब पुलिस दे सकती है। ये कोई सुनियोजित नीति नहीं होती, पुलिस को कार्रवाई करनी होती है।”
उन्होंने कहा कि वारदात के दौरान इतनी गोलियां चलीं, जिससे लोगों में भय का माहौल पैदा होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि उनका संदेश स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।
जयंत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस विषय पर खुलकर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया है और यह उनकी सरकार के अब तक के ट्रैक रिकॉर्ड में भी दिखाई देता है।
