शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संबोधन से प्रेरित हुए विद्यार्थी, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर सागर चौधरी की रही विशेष उपस्थिति

शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संबोधन से प्रेरित हुए विद्यार्थी, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर सागर चौधरी की रही विशेष उपस्थिति

गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में 27 अगस्त दिन बृहस्पतिवार को शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से “खेलो इंडिया संवाद”कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी जी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और देशभर के विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभागियों के साथ संवाद किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारत की खेल यात्रा से जोड़ना, उनकी आकांक्षाओं को साझा करना और युवाओं के नेतृत्व वाले मज़बूत ‘विकसित भारत’ के लिए विचार देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री जी ने विद्यार्थियों से दो-तरफा संवाद करते हुए खेल क्षमता और युवा शक्ति को एकजुट करने के मिशन, फिटनेस, अनुशासन, मेहनत और जीवन में सफलता के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली समर्पण का संदेश दिया। प्रधानमंत्री जी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों को भी सुना और उनसे संवाद करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, सहारनपुर के स्वयंसेवकों अनिकेत, अगस्त्य, आकाश, सुमित, तरुण पाल एवं अफीफा ने ‘माई भारत’ ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों के पंजीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में आयोजित इस कार्यक्रम में शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलसचिव प्रो. महीपाल सिंह, एवीआईपीएस (डायरेक्टर) एवं डीन हेल्थ साइंस प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह, डीन एकेडमिक्स तरुण कुमार शर्मा, अजय शर्मा और अनिल रॉयल, कार्यक्रम समन्वयक प्रदीप शर्मा एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों में प्रधानमंत्री जी को प्रत्यक्ष रूप से सुनने और उनसे संवाद करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में विशेष आमंत्रण पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर सागर चौधरी, करनाल उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम के पश्चात सभी विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए खेलों में निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.(डॉ.) बी. एस. सिद्धू ने अपने शुभकामना सन्देश में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी का विद्यार्थियों के साथ संवाद युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को खेल, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महीपाल सिंह, एवीआईपीएस (डायरेक्टर) एवं डीन हेल्थ साइंसेज प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे सभी विद्यार्थियों को अनेक शुभकामनाएं दी। कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महीपाल सिंह ने कहा कि सभी विद्यार्थी खेल एवं फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण करें।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विशेष आमंत्रण पर उपस्थित अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर सागर चौधरी जी को पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने खेल एवं फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply