बांकीपुर-दतिया रिजल्ट: अखिलेश यादव बोले, ‘लड्डू तो BJP के अंदर भी…’

बांकीपुर-दतिया रिजल्ट: अखिलेश यादव बोले, ‘लड्डू तो BJP के अंदर भी…’

बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भगवान को नचाने का घमंड रखनेवालों को भगवान ने ही नचा दिया. सपा प्रमुख ने पेपर लीक, वोट चोरी, मंदिरों में दान की चोरी, भ्रष्टाचार और महंगाई समेत अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए बीजेपी की सरकार को घेरा. साथ ही कहा कि बीजेपी ने इन सभी तरीकों से जनता के भरोसे और आस्था तक को ठगने का काम किया.

अब बीजेपी वाले अपने ही किसी का इस्तीफा मांगेंगे- अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, ”अब तो बीजेपी वाले भी अपने ही किसी का इस्तीफ़ा मांगेंगे क्योंकि जो अपनी ही विधानसभा हार गये उनके भरोसे नाव कैसे पार होगी. अब तो कोई ये भी नहीं कह सकता है कि बीजेपी में इस्तीफे नहीं होते हैं.”

‘सबसे ज्यादा खुश तो यूपी में वो हैं जिनको…’

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने आगे कहा, ”सबसे ज्यादा खुश तो यूपी में वो हैं, जिनको ‘पीडीए’ समाज का होने की वजह से राष्ट्रीय स्तर का पद न देकर जानबूझकर राज्य स्तर का पद दिया गया था. आज तो वो भी मुस्कुराकर पूछ रहे हैं कि ‘5 बड़ा या 7’.” उन्होंने तंज कसते हुए ये भी कहा कि जनता ये भी कह रही है कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा नहीं जिता पाये तो प्रदेश अध्यक्ष तो विधानसभा लड़वा भी नहीं पाएंगे.

ये डबल इंजन की डबल हार- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने दतिया और बांकीपुर उपचुनाव में विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी. साथ ही दावा करते हुए कहा, ”बीजेपी की हार मतलब बदलाव की शुरुआत. बीजेपी की सबसे सुरक्षित और परंपरागत सीटें भी अब उनकी हार नहीं बचा पाएंगी. अब बीजेपी का संकट हार से बढ़कर इस बात का होगा कि उनका टिकट लेनेवाला ‘ड्रोन और दूरबीन’ से भी ढूंढे नहीं मिलेगा.” इसके साथ ही उन्होंने लिखा, (कोष्ठक में विशेष : लड्डू तो भाजपा के अंदर भी बंट रहे हैं…)

बता दें कि मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने बीजेपी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हरा दिया. वहीं बिहार में पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में 30 सालों का रिकॉर्ड टूट गया. जन सुराज पार्टी के संस्थापक और प्रत्याशी प्रशांत किशोर को जीत हासिल हुई. उन्होंने बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा को 18,953 वोटों के अंतर से पराजित करके जीत का परचम लहराया.