पेपर लीक आंदोलन में शहीद छात्रा को कांग्रेस नेताओं व छात्रों ने दी श्रद्धांजलि, कैंडल जलाकर जताया समर्थन

पेपर लीक आंदोलन में शहीद छात्रा को कांग्रेस नेताओं व छात्रों ने दी श्रद्धांजलि, कैंडल जलाकर जताया समर्थन
सहारनपुर में कैंडल जलाकर छात्रा को श्रद्धांजलि देते कांग्रेसजन।

सहारनपुर। पेपर लीक आंदोलन में शहीद हुई छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद चन्द्रजीत सिंह निक्कू के आवास पर कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कैंडल जलाकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। सभा को संबोधित करते हुए चन्द्रजीत सिंह निक्कू ने कहा कि यह देश के 47 प्रतिशत युवाओं के भविष्य की लड़ाई है, जिसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ भाजपा एवं संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस की मौजूदगी में दुर्व्यवहार किया गया, जिसका जवाब युवा लोकतांत्रिक तरीके से आगामी चुनाव में देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम पर कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। निक्कू ने कहा कि सहारनपुर से भी युवाओं के जत्थे दिल्ली के लिए रवाना होने लगे हैं और वे इस आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के छात्र-छात्राओं से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान कथित रूप से दुर्व्यवहार और अत्याचार में शामिल सभी दोषियों, विशेषकर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सुखविंदर कौर, अनुज शर्मा, गुलशेर, आरिश, हरिओम, सलमान, मनजीत कोका, अश्वनी शर्मा, शुभम, आर्यन, निधि, नेहा, मेघा, संध्या, चारू, गीतिका, राजा, फरीद, गोलू, मुर्सलिन, माद्दा, रजत प्रभाकर, मोहम्मद यामीन, मोहम्मद अहसान, कासिफ सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।