दिल्ली जा रहे सहारनपुर कांग्रेस नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई, जिलाध्यक्ष संदीप राणा हिरासत में, कई नेता हाउस अरेस्ट
सहारनपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के धरने के समर्थन में जाने की तैयारी कर रहे सहारनपुर कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई की। इस दौरान कई नेताओं को उनके आवासों पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया, जबकि जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिंह राणा को दिल्ली जाते समय बिहारीगढ़ टोल प्लाजा पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस की कार्रवाई के तहत पूर्व विधायक मसूद अख्तर, जिला अध्यक्ष चैधरी मुजफ्फर अली, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी तथा सांसद प्रतिनिधि डॉ. मजीद को उनके आवासों पर ही नजरबंद कर दिया गया। इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, हरिओम मिश्रा तथा सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, कांग्रेस एससी एसटी प्रकोष्ठ के नेता अरविन्द पालीवाल सहित कई अन्य कांग्रेस नेताओं को भी घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा अपनाया गया तरीका लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और यह अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति को दर्शाता है। उधर, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से बचने के उद्देश्य से एहतियातन यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
