छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर कन्हैया कुमार का केंद्र पर हमला, बोले- ‘काश मोदी जी भी पिता होते…’
नई दिल्ली। दिल्ली में संसद भवन मार्च के दौरान छात्रों और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार के रवैये पर सवाल उठाए और कहा कि छात्रों की पीड़ा को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
कन्हैया कुमार ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, “जिस बेदर्दी से बच्चों को दिल्ली में मारा गया है, उसे देखकर सोचता हूं कि काश मोदी जी भी पिता होते, तो उन्हें हर दिन होने वाली आत्महत्याओं, बंद होते स्कूलों और पेपर लीक की घटनाओं से फर्क पड़ता।”
पहले भी साधा था सरकार पर निशाना
इससे एक दिन पहले भी कन्हैया कुमार ने संसद मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की थी। उन्होंने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने लिखा, “मोदी सरकार अहंकार में है। आज जिस बेशर्मी और बेरहमी से निर्दोष, निहत्थे और न्याय की मांग कर रहे विद्यार्थियों पर लाठियां बरसाई गईं और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, वह इस बात का प्रमाण है कि यह सरकार शिक्षा और युवाओं के हितों के प्रति संवेदनशील नहीं है। प्रधानमंत्री की चुप्पी बेहद निराशाजनक है।”
छात्र आंदोलन पर तेज हुई सियासत
दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं ने प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में बयान दिए हैं और पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।
