गड्ढे में डूबे 3 बच्चों की मौत, CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

गड्ढे में डूबे 3 बच्चों की मौत, CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

बाराबंकी के कुर्सी थाना क्षेत्र में रविवार (21 सितंबर) शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. बैना गांव के बाहर निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर में मिट्टी निकालने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था. इसी पानी में नहाने पहुंचे 3 बच्चे गहरे हिस्से में चले गए और डूब गए. हादसे में देवा (13), सुमित (10) और दिव्यांश (15) की मौत हो गई. पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए.

बताया जा रहा है कि बैना गांव के बाहर एक फैक्ट्री का निर्माण कार्य चल रहा है. इसके लिए परिसर में मिट्टी निकालने के दौरान गहरा गड्ढा खोदा गया था. पिछले दिनों हुई बारिश के बाद यह गड्ढा पानी से भर गया था. रविवार शाम करीब चार बजे गांव के कुछ बच्चे यहां नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान देवा, सुमित और दिव्यांश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.

तीनों को डूबता देखकर साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू कर दी. ग्रामीणों ने देवा और सुमित को बाहर निकाला और तुरंत निजी अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

अंधेरा होने के बाद भी जारी रही तलाश

दूसरे बच्चे दिव्यांश का काफी देर तक पता नहीं चला. सूचना मिलने पर कुर्सी पुलिस स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची. अंधेरा होने के कारण रोशनी की व्यवस्था कर गड्ढे में तलाश शुरू की गई. काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने दिव्यांश का शव भी बरामद कर लिया.

मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने बाराबंकी में हुई घटना का संज्ञान लिया. उन्होंने तीनों बच्चों की मौत पर उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा.

गांव में पसरा मातम

हादसे की सूचना पर फतेहपुर के एसडीएम कार्तिकेय सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है. एक साथ तीन बच्चों की मौत से बैना गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply