सरसावा पुलिस ने किया हत्या की घटना का खुलासा
सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने हत्या की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मृतक की मार्कशीट, आधार कार्ड व घटना में प्रयुक्त गमछा बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 17 जुलाई को वादी बृजपाल पुत्र सोमसिंह निवासी ग्राम कुतुबपुर थाना सरसावा ने लिखित तहरीर देकर आरोपी निक्की पुत्र सुरेंद्र निवासी ग्राम ढीक्का थाना सरसावा, राहुल पुत्र संजू, मननू पुत्र संजय व विशाल पुत्र धर्मेंद्र निवासीगण ग्राम कुतुबपुर थाना सरसावा ने उसके पुत्र विपिन की मारपीट कर तथा गला दबकर हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी। एसपी ग्रामीण श्री पाठक ने बताया कि थाना सरसावा पुलिस ने आज थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा व उपनिरीक्षक देवेंद्र पाल तोमर के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर हत्या की घटना का खुलासा करते हुए मुकदमा उपरोक्त में दो वांछित आरोपियों मोबिन पुत्र मो. आबिद निवासी कुतुबपुर थाना सरसावा व रहमान पुत्र निजामुद्दीन निवासी चंदेरी जिला शामली को नकुड़ से शाहजहांपुर जाने वाले रास्ते पर टाबर तिराहा के पास से दबोच लिया।
एसपी देहात ने बताया कि दबोचे गए आरोपी मोबिन ने पूछताछ के दौरान बताया कि मैं और विपिन एक ही गांव के रहने वाले हैं तथा आपस में दोस्त हैं तथा रिश्तेदारियों में आना-जाना है। मृतक विपिन मेरी मौसी की लड़की से बात करता था तथा मैं उस लड़की से शादी करना चाहता हूं। मना करने पर भी मृतक ने लड़की बात करनी बंद नहीं की जिस पर मैंने विपिन की हत्या की योजना बनाई। योजना के अनुसार 17 जुलाई को मैंने रहमान के साथ मिलकर मृतक विपिन को फोन करके बुलाया तथा कुतुबपुर के समीप खेत में जाकर हमने पहले नशा किया तथा जहां हम दोनों ने गमछे से विपिन का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।
