कैंसर पीड़िता ने कलेक्ट्रेट पर शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
सहारनपुर। जनपद के गांव बिलासपुर कैंसर पीड़िता संयोगिता पत्नी भोपाल सिंह कश्यप ने सोमवार से परिवार समेतं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कृषि भूमि का पट्टा, आवासीय पट्टा, इलाज के लिए आर्थिक सहायता तथा विभिन्न मामलों में न्याय दिलाने की मांग की।
सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भोपाल सिंह कश्यप अपने परिजनों के साथ पहुंचे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। संयोगिता के पति भोपाल सिंह कश्यप जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन में बताया कि वह पिछले लगभग 11 वर्षों से कैंसर से पीड़ित हैं और उनका उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। उपचार में भारी खर्च होने के कारण उनका पुश्तैनी मकान भी बिक चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में उन्हें बेदखली का नोटिस मिला, जबकि ग्राम समाज की भूमि पर अन्य लोगों का भी कब्जा है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि भूमि के पट्टे के लिए संबंधित लेखपाल ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसके अलावा ग्राम समाज की भूमि पर कथित अवैध निर्माण कराने वालों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग भी की।
संयोगिता ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पुत्री शिवानी कश्यप के साथ 18 अप्रैल 2026 को कुछ लोगों ने मारपीट की थी, लेकिन गंगोह थाना पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। साथ ही परिवार पर दर्ज एससीध्एसटी एक्ट के मुकदमे को झूठा बताते हुए उसे निरस्त कराने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर उनकी शिकायतों में अधिकारियों द्वारा गलत रिपोर्ट लगाई गई और उनकी बीमारी तक को असत्य बताया गया। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें कृषि भूमि का पट्टा, आवासीय पट्टा, इलाज के लिए सरकारी आर्थिक सहायता, मकान को बेदखली से बचाने तथा दोषी अधिकारियों और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने तक उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगा।
