डीआईजी ने की श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा
सहारनपुर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों (जीओ) तथा थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की निगरानी, कांवड़ मार्गों पर पुलिस तैनाती, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। डीआईजी अभिषेक सिह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता और प्रभावी समन्वय बनाए रखें।
कांवड़ मार्गों पर लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें, यातायात को सुचारु बनाए रखें तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने, सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग करने, त्वरित सूचना संकलन तथा सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
