शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह और उत्तम शुगर मिल्स, शेरमऊ नकुड़ के बीच चीनी-बायोएनर्जी क्षेत्र में रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
गंगोह [24CN] : औद्योगिक अनुसंधान और कौशल विकास सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) और उत्तम शुगर मिल्स लिमिटेड शेरमऊ, नकुड़ ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस पांच वर्षीय समझौते के तहत दोनों संस्थान चीनी तकनीक, एथेनॉल उत्पादन, बायोफ्यूल, ग्रीन केमिस्ट्री, वेस्ट वेलोराइजेशन, पर्यावरणीय स्थिरता और ऊर्जा दक्षता जैसे क्षेत्रों में संयुक्त शोध परियोजनाएं संचालित करेंगे। समझौते के अंतर्गत विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, शोध प्रोजेक्ट और कैंपस प्लेसमेंट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। छात्र नवाचार परियोजनाओं के लिए उद्योग से मार्गदर्शन भी प्राप्त कर सकेंगे। उद्योग से जुड़ी परामर्श सेवाएं, पर्यावरण निगरानी, अपशिष्ट प्रबंधन और उत्पाद गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में भी सहयोग किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, कार्यशालाएं और सेमिनार भी संयुक्त रूप से आयोजित होंगे। इस समझौते का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य सर्कुलर इकोनॉमी, वेस्ट-टू-वेल्थ तकनीक, कार्बन उत्सर्जन में कमी, बायोमास उपयोग और जल संरक्षण को बढ़ावा देना भी है।

यह महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री कुंवर शेखर विजेन्द्र जी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह से कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह, द्वारा इस मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर किए गए, तथा उत्तम शुगर मिल्स लिमिटेड शेरमऊ, की ओर से उत्तम शुगर के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं यूनिट हेड डॉ. सुखविंदर जीत सिंह द्वारा हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) बी.एस. सिद्धू, डीन हेल्थ साइंसेस प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह एवं डीन रिसर्च प्रो.(डॉ.) राजीव दत्ता एवं प्लेसमेंट हेड डॉ. नवीन कुमार शामिल रहे।
इस अवसर पर बोलते हुए, दोनों पक्षों के नेतृत्व ने आशा व्यक्त की कि यह साझेदारी छात्रों को उद्योग से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी और इंजीनियरिंग, बायोटेक्नोलॉजी व अन्य संबंधित क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर खोलेगी।
