बेहट में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, बचाने पहुंचे ग्रामीण पर चाकू से हमला
बेहट, सहारनपुर [दिग्विजय त्यागी]। कस्बे में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही कक्षा 11 की छात्रा के साथ एक ऑटो चालक द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा की आवाज सुनकर उसे बचाने पहुंचे एक ग्रामीण पर आरोपी चालक ने चाकू से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया गया कि छात्रा शाम करीब चार बजे बेहट कस्बे से ट्यूशन पढ़कर अपने गांव लौट रही थी। पूर्वी यमुना नहर का पुल पार करने के बाद एक ऑटो चालक ने छात्रा को अपने ऑटो में बैठने के लिए कहा। छात्रा ऑटो की पिछली सीट पर बैठ गई।
आरोप है कि कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद चालक ने छात्रा को जबरन अगली सीट पर अपने पास बैठाने का प्रयास किया। छात्रा ने इसका विरोध करते हुए शोर मचा दिया।
इसी दौरान पीछे से बाइक पर आ रहे मुर्तजापुर निवासी संजय और उनके बेटे अर्पित ने छात्रा की आवाज सुनी। दोनों ने ऑटो का पीछा किया और उसे रुकवाकर छात्रा को बाहर निकाला।
संजय का आरोप है कि छात्रा को बचाने के दौरान ऑटो चालक ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में संजय के हाथों पर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के बागों में काम कर रहे ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। छात्रा के पिता की ओर से आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। वीडियो में मौके पर मौजूद लोगों और छात्रा द्वारा घटनाक्रम की जानकारी देते हुए सुना जा रहा है।
एसपी देहात मयंक पाठक के अनुसार, प्राथमिक जांच में सीट पर बैठने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर और वायरल वीडियो को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
