चिलकाना पुलिस की सख्ती का परिणाम, 47 अपराधी अपराध छोड़ पहुंचे थाने

चिलकाना पुलिस की सख्ती का परिणाम, 47 अपराधी अपराध छोड़ पहुंचे थाने
सहारनपुर में थाना चिलकाना में अपराध छोड़ने की शपथ लेते अपराधी।

सहारनपुर। जनपद पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं अपराधों में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान व पुलिस की सख्ती के थाना चिलकाना क्षेत्रांतर्गत विभिन्न अपराधों गौकशी, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य संगीन अपराधों में संलिप्त 47 अपराधियों ने थाने में पहुंचकर  अपराध छोड़ने, कानून का पालन करने तथा ईमानदारी से जीवनयापन का संदेश लिखी तख्तियां लेकर भविष्य में किसी तरह का अपराध न कर मेहनत-मजदूरी एवं वैध रोजगार करने अपने परिवार का पालन-पोषण करने की शपथ ली।

इस अवसर पर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने सभी अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए तो उनके विरूद्ध कठोर से कठोर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस दौरान थाना प्रभारी ने सभी को कानून का पालन करते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन यापन एवं रोजगार के माध्यम से परिवार का पालन-पोषण करने के लिए प्रेरित किया। थाना चिलकाना पुलिस द्वारा अपराधियों के विरूद्ध की जा रही प्रभावी एवं सख्त कानूनी कार्रवाई के परिणामस्वरूप क्षेत्र में अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा हुआ है तथा अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़े की सकारात्मक प्रवृत्ति भी देखने को मिल रही है।

एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई निरंतार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराध का मार्ग छोउ़कर वैधानिक एवं सम्माजनक जीवन अपनाने वालों का स्वागत है परंतु कानून तोड़ने वालों के प्रति किसी प्रकार की कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि विगत छह माह में थाना चिलकाना पुलिस ने गौकशी में संलिप्त अपराधियों के विरूद्ध की गई प्रमुख निरोधात्मक कार्रवाई के तहत दो आरोपी गैंगस्टर एक्ट में पंजीकृत किए गए, 17 आरोपी गुंडा एक्ट, 5 जिला बदर, 4 हिस्ट्रीशीटर एवं 9 अपराधी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए हैं।