एसएसपी ने कांवड़ संघों एवं शिविर संचालकों से की मुलाकात, समन्वय स्थापित कर किया समस्याओं का समाधान

एसएसपी ने कांवड़ संघों एवं शिविर संचालकों से की मुलाकात, समन्वय स्थापित कर किया समस्याओं का समाधान
सहारनपुर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बारे में जानकारी देते एसएसपी।

सहारनपुर। श्रावण मास में आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद पुलिस की तैयारियां जारी है। इसी क्रम में एसएसपी अभिनंदन ने आज फिर कांवड़ संघों एवं शिविर संचालकों से समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया है। साथ ही बिजली के लटकते तारों और जर्जर सड़कों को दुरूस्त करने के लिए सम्बंधित विभागों से सम्पर्क किया गया है।

एसएसपी ने बताया कि यात्रा मार्ग में सुरक्षा के लिए पूरे रूट पर 37 अस्थाई चैकियां (मिनी थाने) बनाई जा रही हैं जो सीसीटीवी कैमरों और लाउडहेलर सिस्टम से लैस होंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने के लिए पूरे मार्गों को छोटे सैक्टरों में बांटकर मोबाइल पार्टियां तैनात की जाएंगी। साथ ही पूरे यात्रा मार्ग की ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और शिवालयों में महिला कांस्टेबलों व 112 पीआरवी की वैज्ञानिक तरीके से तैनाती की जाएगी।

एसएसपी ने बताया कि यातायात प्रबंधन के लिए पड़ोसी जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात डायवर्जन प्लीान तैयार किया गया है। इस बार विशेष रूप से नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों का मूवमेंट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा क्योंकि तेज रफ्तार वाहनों के कारण सुरक्षा के लिहाज से इसका उपयोग केवल सामान्य यातायात डायवर्जन के लिए किया जाना है। पुलिस प्रशासन ने सभी कांवड़ियों से अपील की है कि वे एक्सप्रेसवे मार्ग का उपयोग न करें और डीजे व झांकियों के लिए निर्धारित सरकारी मानकों का पालन करें ताकि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को पूरी तरह से घटना और दुर्घटनारहित सम्पन्न कराया जा सके।