पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस में सियासी हलचल, मनीष तिवारी की नाराजगी की चर्चाएं तेज

पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस में सियासी हलचल, मनीष तिवारी की नाराजगी की चर्चाएं तेज

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव की अटकलों पर विराम लगा दिया है. बुधवार को पार्टी ने साफ कर दिया कि फिलहाल प्रदेश नेतृत्व में कोई बड़ा फेरबदल नहीं होगा. इसके बाद लोकसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी की नाराजगी की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है. राजनीतिक गलियारों में यह भी अटकलें हैं कि वह पार्टी छोड़ सकते हैं. हालांकि, इस संबंध में तिवारी या कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

कांग्रेस आलाकमान के फैसले के अगले दिन, 2 जुलाई (गुरुवार) को मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसे उनके राजनीतिक भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है.

तिवारी ने तंजिया अंदाज में लिखा, ‘है बड़ा कोई अवगुण उसमें, जिसे कोई हुनर आवे.’ इसके बाद उन्होंने लिखा, ‘काश मेरे पास लोगों और संस्थाओं की असुरक्षाओं का भी कोई अचूक इलाज होता.’

उन्होंने आगे कहा कि पिछले 45 वर्षों में उन्हें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से बहुत कुछ मिला है और उन्होंने भी अपने पूरे वयस्क जीवन को पार्टी की सेवा के लिए समर्पित किया है.

पोस्ट के अंत में उन्होंने मशहूर अंग्रेजी गीत की पंक्ति लिखी, ‘Que sera, sera, Whatever will be, will be…’, जिसका अर्थ है-‘जो होगा, सो होगा’ या ‘जो होना है, वह होकर रहेगा.’

कांग्रेस ने क्या फैसला किया?

1 जुलाई को कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि प्रताप सिंह बाजवा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता का दायित्व निभाते रहेंगे.

पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया है. इसके अलावा लोकसभा सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी, पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंघला को चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति और सांसद अमर सिंह को घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

संगठनात्मक विस्तार के तहत सुखविंदर सिंह डैनी, राजकुमार वेरका और संगत सिंह गिलजियां को पंजाब कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैरा, राणा गुरजीत सिंह और धर्मवीर गांधी को चुनाव अभियान समिति का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.