मुख्यमंत्री के दौरे पर शिक्षक नेता डॉ. अशोक मलिक नजरबंद
सहारनपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री के सहारनपुर दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के संस्थापक डॉ. अशोक मलिक को पुलिस प्रशासन ने लेबर कॉलोनी स्थित भगवती देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में सुबह से नजरबंद रखा। डॉ. मलिक ने आरोप लगाया कि 25 से 50 वर्ष पुराने गली-मोहल्लों में संचालित निजी विद्यालयों पर नए भवन एवं नेशनल बिल्डिंग कोड (एनबीसी) के मानकों को लागू करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 से पहले मान्यता प्राप्त विद्यालयों ने साक्षरता अभियान और सर्व शिक्षा अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास सभी बच्चों को सरकारी विद्यालयों में शिक्षा देने के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं, इसलिए निजी विद्यालयों का योगदान महत्वपूर्ण है। डॉ. मलिक ने मांग की कि पुराने मान्यता प्राप्त विद्यालयों को नए भवन मानकों से राहत दी जाए तथा निजी विद्यालयों का उत्पीड़न बंद किया जाए।
