विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन

विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन
सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते भीम आर्मी के कार्यकर्ता।

सहारनपुर। भीम आर्मी जय भीम संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व कार्यकर्ता हकीकत नगर के रामलीला मैदान पर एकत्रित हुए और वहां से जुलूस के साथ नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक एवं आदिवासी समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संविधान की भावना के अनुरूप आरक्षण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। साथ ही सरकारी एवं निजी क्षेत्र में आरक्षण, पदोन्नति में आरक्षण, जातिगत जनगणना, भूमिहीन परिवारों को भूमि के पट्टे, ठेका प्रथा समाप्त कर सफाई कर्मचारियों को नियमित करने तथा आधुनिक मशीनों से सीवर सफाई कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में शिक्षा के क्षेत्र में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्गों के लिए आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने, सभी स्कूलों और विश्वविद्यालयों में संविधान की शिक्षा अनिवार्य करने, प्रत्येक जनपद में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर अस्पताल स्थापित करने तथा किसानों और भूमिहीन गरीबों के हित में विभिन्न कदम उठाने की भी मांग की गई।

संगठन ने लोकतंत्र के चारों स्तंभों में आरक्षण लागू करने, भूमिहीन लोगों को भूमि के पट्टे आवंटित करने, पदोन्नति में आरक्षण एवं बैकलॉग पदों को भरने सहित कई मांगें उठाईं। इस दौरान जिला प्रभारी आदिल सिद्दीकी, मंडल महासचिव जलसी रावण, मंडल अध्यक्ष एडवोकेट सुभाष, जिला उपाध्यक्ष बादल जोशी, जिला सचिव अमित कुमार, डॉ. रजनीश कुमार, आबिद हसन, बुरखाल अंसारी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।