राम मंदिर चढ़ावा मामला: चंपत राय का बयान दर्ज, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से अभी होनी है पूछताछ

राम मंदिर चढ़ावा मामला: चंपत राय का बयान दर्ज, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से अभी होनी है पूछताछ

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दर्ज एफआईआर के बाद जांच प्रक्रिया तेज हो गई है। अयोध्या पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता के साथ-साथ चंपत राय का भी बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल चंपत राय का बयान गवाह के तौर पर दर्ज किया गया है और उनसे कोई औपचारिक पूछताछ नहीं की गई है। इस मामले में कुल लगभग 140 लोगों के बयान दर्ज किए जाने हैं। हालांकि, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के बयान अभी दर्ज किए जाने बाकी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दायरे में आने वाले सभी प्रमुख व्यक्तियों से क्रमवार बयान लिए जाएंगे। इससे पहले यह जानकारी भी सामने आई थी कि अयोध्या पुलिस मामले में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा को नोटिस जारी कर सकती है। जिस तरह विशेष जांच दल (SIT) ने सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ की थी, उसी तर्ज पर अयोध्या पुलिस भी बयान दर्ज कर जांच को आगे बढ़ा रही है।

चंपत राय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव रह चुके हैं, जबकि अनिल मिश्रा पूर्व ट्रस्टी हैं। गोपाल राव भी ट्रस्ट से जुड़े हुए हैं। जांच एजेंसियां ट्रस्ट से जुड़े अन्य व्यक्तियों, चढ़ावे की गिनती करने वाले कर्मचारियों, बैंक तक धनराशि पहुंचाने वाले लोगों, बैंक कर्मियों तथा सुरक्षा गार्डों के भी बयान दर्ज करेंगी।

10 स्थानों पर हुई छापेमारी, कई अहम दस्तावेज बरामद

इस मामले में अयोध्या पुलिस ने रविवार को 10 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। यह अभियान करीब 6 से 8 घंटे तक चला। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस को कार्रवाई के दौरान नकदी, आभूषण, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक पासबुक और ज्वेलरी की खरीद से संबंधित बिल बरामद हुए हैं।

जांच में आरोपियों द्वारा हाल के वर्षों में खरीदी गई कुछ नई संपत्तियों का भी पता चला है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इन संपत्तियों को परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदा गया था। मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी रिमांड की मांग कर सकती है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों के घरों पर हुई छापेमारी में कई महत्वपूर्ण सबूत हाथ लगे हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार

उधर, राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। शीर्ष अदालत ने कहा कि फिलहाल इस मामले में जल्द सुनवाई की आवश्यकता नहीं है और इसे अदालत की छुट्टियों के बाद नियमित पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया जाएगा। याचिका में राम जन्मभूमि ट्रस्ट में कथित चंदा हेराफेरी की जांच अदालत की निगरानी में सीबीआई की एसआईटी से कराने की मांग की गई है।

Leave a Reply