‘भाजपा का लंकाकांड, अयोध्या में ही होगा…’ राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अखिलेश यादव का तीखा वार

‘भाजपा का लंकाकांड, अयोध्या में ही होगा…’ राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अखिलेश यादव का तीखा वार

लखनऊ। श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में चंपत राय के इस्तीफे की चर्चाओं के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर कई पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘भाजपा का लंकाकांड, अयोध्या में ही होगा।’ आखिर ‘दानभक्तों’ का मुखौटा उतर ही गया, क्योंकि प्रभु की अलौकिक शक्ति ने अपना चमत्कार दिखा ही दिया। अब भाजपाइयों के अहंकार की चमचमाती लंका के साम्राज्य का भी अंत होगा और ‘लंकाधिपति’ का भी।

सपा प्रमुख ने लिखा कि भाजपा के लिए तो अमृतकाल, काल बनकर आया है। ये सरकार तो कहती थी कि इसके राज में इस्तीफे नहीं होते हैं। ‘चढ़ावा-चंदा-दान चोरी’ से आहत जनता कटाक्ष करते हुए कह रही है कि भाजपाई कह रहे हैं कि हमने कहा था कि ‘इस्तीफा’ नहीं होता, हमने इस्तीफा नहीं ‘त्यागपत्र’ दिया है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए आगे लिखा कि अभी तो ‘भाजपाई और उनके संगी-साथियों’ के काले कारनामों का ये प्रथम अध्याय खुला है। बंटवारे की इस लड़ाई में अब इनकी ‘पार्टी, संघ, सभा, परिषद, वाहिनी और ट्रस्ट की टोली’ एक-दूसरे की पोल खोलेगी।

केयर फंड के साथ-साथ अनरजिस्टर्ड लोगों को अपने कृत्यों का हिसाब भी देना होगा। भगवान के आडिट से ‘भाजपाई-गिरोह’ बच नहीं पाएगा। साथ ही उन्होंने पेपर लीक पर तंज करते हुए लिखा कि नीट के छात्र कह रहे हैं कि जब इस्तीफे शुरू हो गए हैं तो ‘लीकाधिपति’ का भी करवा दीजिए।

Leave a Reply