रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आईआईए सहारनपुर चैप्टर को प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की 35वीं वार्षिक जनरल मीटिंग मंे केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आईआईए सहारनपुर चैप्टर को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के डिफेंस सेक्टर की डिफेंस पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स में भी लगभग 16 हजार एमएसएमई जुड़ी हुई हैं, जो देश के औद्योगिक एवं रक्षा क्षेत्र में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। एजीएम का आयोजन द वेडिंग डॉट, ग्रेटर नोएडा में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में भारत सरकार के माननीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एजीएम मे चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा के नेतृत्व में सहारनपुर चैप्टर के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की। प्रतिनिधिमंडल में संस्था के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, सीईसी सदस्य कृष्ण राजीव सिंघल, पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक बजाज, के.एल. अरोड़ा, आर.के. धवन, अनूप खन्ना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश अरोड़ा, चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र मोहन कालड़ा, एडवाइजरी बोर्ड सदस्य राजेश सपरा, अशोक छाबड़ा, संदीप कपूर तथा पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र के कन्वीनर शिवम गोयल सहित अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भारत सरकार ने आईआईए के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस अवार्ड सेरेमनी में शामिल होने का अवसर प्राप्त होने पर वे सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि देश के डिफेंस सेक्टर की डिफेंस पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स में भी लगभग 16 हजार एमएसएमई जुड़ी हुई हैं, जो देश के औद्योगिक एवं रक्षा क्षेत्र में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने कार्यक्रम के प्रारंभ में जल संरक्षण जैसे विषय को प्रमुखता दिए जाने की सराहना करते हुए कहा कि यह उद्यमियों की नई सोच तथा समाज और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी को प्रदर्शित करता है। इस आयोजन में आत्मनिर्भरता की खुशबू, उद्यमिता की रोशनी और विकसित भारत के संकल्प की गूंज दिखाई देती है। उन्होंने उन सभी उद्यमियों को हार्दिक बधाई दी, जिन्हें उनके उत्कृष्ट योगदान एवं उपलब्धियों के लिए एमएसएमई अवार्ड से सम्मानित किया गया। विशेष रूप से उन्होंने महिला उद्यमियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उद्यम एवं व्यवसाय को आठ गुणा बढ़ाने का संकल्प लिया गया है, जो देश के औद्योगिक विकास और विकसित भारत के लक्ष्य को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने कहा कि आईआईए सहारनपुर चैप्टर को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह द्वारा आईआईए सहारनपुर चैप्टर को मिला सम्मान पूरे चैप्टर के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह सम्मान चैप्टर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भविष्य में औद्योगिक विकास एवं एमएसएमई हितों के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि आईआईए सहारनपुर चैप्टर उद्योगों की समस्याओं के समाधान, उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों एवं योजनाओं का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रियता के साथ कार्य करता रहेगा।
