एकमुश्त समाधान योजना के लिए वार्डो में लगेंगे कैंप
सहारनपुर। एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में ब्याज छूट का लाभ सभी बकायादारों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम शहर के सभी वार्डो में 03 सितंबर से 23 सितंबर तक समाधान कैम्प लगायेगा। नगरायुक्त के निर्देश पर एक मुश्त समाधान योजना के आवेदन हेतु एक प्रपत्र भी घर-घर वितरित करने का कार्य निगम ने शुरु किया है। प्रपत्र के साथ बकायेदार का गृहकर, जलकर व सीवरकर का बिल, बकाया राशि और उस पर लगाया गया ब्याज तथा छूट के बाद कितना ब्याज कम होगा, इस सबका पूरा विवरण भी भेजा जायेगा। करदाता वार्डो में लगाये जाने वाले कैंपों तथा निगम कार्यालय से भी यह विवरण प्राप्त कर सकते हैं।
कर अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया कि एक मुश्त समाधान योजना का लाभ करदाताओं को शत-प्रतिशत मिल सके, इसके लिए नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर निगम ने तीन ठोस कदम उठाए हैं। पहला, करदाता निगम के चक्कर न काटकर अपने वार्ड में ही एक मुश्त समाधान योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन कर सके इसके लिए 03 सितम्बर से 23 सितम्बर तक अलग-अलग वार्डो में तिथिवार कैंप लगाये जा रहे है। दूसरा, करदाताओं की सुविधा के लिए एक आवेदन प्रपत्र घर-घर वितरित कराया जा रहा है। प्रपत्र में आवेदक का नाम, संपति का विवरण, बकाया विवरण, संलग्न दस्तावेज आदि का उल्लेख है, जिसे करदाता भरकर जमा करा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रपत्र पर ही वेबसाइट भी लिखी गयी है। तीसरा कदम उठाते हुए करदाता का पूरी डिटेल के साथ सूचना पत्र तैयार करवाया गया है।
इसमें संपति की आईडी, करदाता का नाम-पता, करदाता की ओर बकाया गृहकर-जलकर व सीवरकर तथा उस पर लगाये गए ब्याज की डिटेल देने के साथ ही यह भी अंकित किया गया है कि एक मुश्त समाधान योजना में आवेदन करने पर करदाता को कितने ब्याज की छूट प्राप्त होगी। यह सूचना पत्र, आवेदन प्रपत्र के साथ ही कर संग्रहकर्ता (टीसी) करदाताओं के घर पहुंचायेंगे। कर अधीक्षक ने बताया कि वार्डो में लगाये जाने वाले कैंपों में भी करदाता यह आवेदन प्रपत्र और सूचना पत्र प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि करदाता निगम से भी यह आवेदन प्रपत्र और सूचना पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
